बिलासपुर—मस्तूरी थाना क्षेत्र के पेन्ड्री गांव में अनियंत्रित ट्रेलर ने एक छात्रा को चपेट में ले लिया। सामुदायिक केन्द्र पहुंचने से पहले ही छात्रा की मौत हो गयी। छात्रा पेन्ड्री की रहने वाली है। सुबह घर से स्कूल जा रही थी। इसी समय अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में छात्रा आ गयी। घटना के बाद ड्रायवर फरार हो गया। नाराज ग्रामीणों को समझाने बुझाने के बाद पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार मस्तूरी क्षेत्र के पेन्ड्री गांव में सायकल से स्कूल जा रही छात्रा की ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गयी है। घटना के बाद ग्रामीणों चक्का जाम कर दिया। काफी समझाने के बाद ग्रामीणों के आक्रोश को शांत किया गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। घटना के बाद फरार ड्रायवर की तलाश की जा रही है।
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि रजकुमारी पिता गीता प्रसाद केवट कन्या हाईस्कूल पेन्ड्री में कक्षा 9 की छात्रा है। रोज की तरह रजकुमारी सुबह घर से स्कूल के लिए निकली। मुख्य मार्ग पर ही राजू किराना दुकान के सामने एक अनियंत्रित ट्रेलर ने रजकुमारी को सायकल समेत चपेट में ले लिया। घटना के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर हंगामा करना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी।
पुलिस ने बताया कि ट्रेलर का नम्बर CG-04-J-640 है। घटना स्थल से उसे जब्त कर लिया गया है। इसके पहले घायल छात्रा को मस्तूरी स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रजकुमारी दम तोड़ दिया। फरार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।