घड़ी चौक पर किसने कहा..भाजपा की उल्टी गिनती शुरू..जाहिर हुआ औपनिवेशिक प्रेम

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर-— वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवा मिश्रा ने भाजपा पर औपनिवेशिक प्रेम का आरोप लगाया है। शिवा ने बताया कि भाजपा के पास एक भी चेहरा नहीं है जिसने आजादी के आंदोलन में खून बहाने से लेकर काल कोठरी का दर्शन किया हो। शायद इसलिए उन्हें घड़ी के प्रति कुछ ज्यादा ही प्रेम है। दरअसल चौक पर घड़ी लगाना औपनिवेशिक राज्य की निशानी है। देश की साक्षरता कम थी। इसलिए चौक चौराहों पर अंग्रेजों ने घड़ी लगायी। बड़ी मुश्किल से चौक चौराहों से घड़ी गायब हुई तो अब एक बार फिर सामंति सोच वाली सरकार चौक चौराहों पर घड़ी चौक बनवाना शुरू कर दी है। कांग्रेस इसका विरोध करती है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                           शिवा मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री डिजिटल इंडिया की बात करते हैं। कम्प्यूटर और मोबाइल क्रांति ने कलाई की घड़ी को छीन लिया है। क्योंकि लोगों को समय की जानकारी मोबाइल से हो जाती है। बावजूद इसके घड़ी चौक पर लाखों रूपए खर्च करना कहां कि बुद्धिमानी है। दरअसल अंग्रेज तो चले गए..लेकिन अपनी सोच को भाजपा नेताओं को दे गए। यही कारण है कि घड़ी चौक के बहाने सामन्ती सोच को एक बार फिर जनता पर थोपा जा रहा है।

               शिवा मिश्रा ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब समय खराब चलता है तो इसकी अच्छी जानकारी घड़ी से ही मिलती है। घड़ी का कांटा यह बताता है कि समय परिवर्तनशील है। इसे देखने के लिए शायद भाजपा के लिए चौक पर घड़ी का होना बहुत जरूरी है। ठीक भी है चौक पर घड़ी लगने के बाद भाजपा सरकार को खराब समय की जानकारी पल-पल में मिलेगी।

                शिवा मिश्रा ने बताया कि भाजपा सांमंती सोच वाली पार्टी है। लोकतंत्र से भाजपा पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। चौक में घड़ी लगने के बाद जनता भी देखेगी कि किस तरह अंग्रेजों की हुकुमत उल्टी गिनती शुरू हुई थी। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने मध्य रात्रि में आजादी का एलान किया था। अब एक बार फिर वही होने वाला है। प्रदेश भाजपा सरकार के दिन पूरे हो गए हैं। चुनाव में कांग्रेस की जीत होगी। औपनिवेशिक सोच वालों की हार होगी।

close