बिलासपुर— बिलासपुर के संभावित जनता कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी बृजेश साहू ने आज प्रेसवार्ता में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होेने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की जीत पक्की है। सरकार बनाने के बाद बिलासपुर के सिवरेज कार्य को तत्काल बंद कर दिया जाएगा। दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से सिवरेज में बर्बाद रूपयों की वसूली की जाएगी। पत्रकारों को बृजेश ने बताया कि पार्टी जहां से कहेंगी चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। पत्रवार्ता में जनता कांग्रेस नेता अनिल टाह,विश्वम्भर गुलहरे,गजेन्द्र,बबला,विक्रांत समेत कई नेता मौजूद थे।
जनता कांग्रेस नेता बृजेश साहू ने बताया कि भाजपा की 14 साल की तानाशाही से प्रदेश की जनता में हाहाकार है। हर तरफ भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का बोलबाला है। जनता परिवर्तन के लिए तैयार बैठी है। विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की जीत पक्की है। सरकार बनते ही सिवरेज को तत्काल बंद किया जाएगा। सिवरेज की राशी की वसूली जिम्मेदार भ्रष्ट अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से किया जाएगा।
सवालों का जवाब देते हुए बृजेश साहू ने कहा कि 14 वर्षों से काबिज भाजपा सरकार के प्रति प्रदेश में जबरदस्त आक्रोश है। साहू ने बताया कि मात्र एक साल के भीतर जनता कांग्रेस की लोकप्रियता सिर चढ़कर बोल रही है। प्रदेश के कोने कोने में पार्टी अध्यक्ष अजीत जोगी के निर्देश और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़िया अधिकार यात्रा निकाला गया। अधिकार यात्रा को लोगों से जबरदस्त समर्थन मिला। बिलासपुर में भी 45 दिनों तक शहर के कोने-कोने में अधिकार यात्रा को समर्थन मिला।
बृजेश साहू ने कहा कि शहर के लोग जर्जर सड़क, सिवरेज, नेताओं की तानाशाही और अधिकारियों के आतंकवाद से थक चुके है। हर तरफ अराकता का बोलबाला है। दमा और अस्थमा के मरीज दिन दुनी रात चौगुनी बढ़ चुके हैं। जिला चिकित्सालय,सिम्स और निगम की लचर व्यवस्था से लोग तंग आ चुके हैं।
जनता का विश्वास वर्तमान सरकार ने खो दिया है। आंखफोड़वा,नसबन्दी और गर्भाशय जैसे काण्ड से जनता का विश्वास जनता से पूरी तरह खत्म हो चुका है। बृजेश ने बताया कि प्रदेश की बदहाल व्यवस्था और कमीशनखोरी और कंगाल होते प्रदेश को देखने के बाद अजीत जोगी ने नई पार्टी का गठन किया। आउटसोर्सिंग के खिलाफ आंदोलन चलाया। जनता की सेवा करने हाईकोर्ट में जाकर संकल्प पत्र पर शपथ लिया कि जब जनता कांग्रेस की सरकार बनेगी। किए गए सभी वादों को एक एक कर पूरा किया जाएगा।
बृजेश ने बताया कि देश की पहली पार्टी है जिसने संकल्प पत्र को शपथ पत्र बनाकर हाईकोर्ट में पेश किया। जनता ने भी जोगी पर विश्वास किया है। क्योंकि जनता को प्रदेश गठन के बाद तीन साल का कार्यकाल याद है। जोगी ने इन तीन सालों में जनता के लिए बहुत कुछ किया। जिसे आज भी लोग याद करते हैं।
बृजेश ने स्थानीय विधायक और मंत्री पर भी निशाना साधा। प्रेस वार्ता में साहू ने टेम्स परियोजना,सिवरेज घोटाला,गौरव पथ घोटाला, हवाई यात्रा प्रोजेक्ट और स्मार्ट सिटी का भी जिक्र किया।
बजेश साहू ने कहा कि रविवार को दोपहर दो बजे अरपा स्थित चौपाटी पर विशाल आम सभा का आयोजन किया जाएगा। आमसभा को जनता कांग्रेस सुप्रीमो अजीत जोगी संबोधित करेंगे। इस दौरान पार्टी के दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे।