धरमजीत बोले- सियाराम की लोकप्रियता से घबरा रहे बीजेपी – कांग्रेस के लोग… पथराव निंदनीय

Chief Editor
2 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस( जोगी ) के नेता और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष धरमजीत सिंह ने रविवार को बिल्हा विधायक की गाड़ी पर हुए पथराव को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की है। साथ ही प्रशासन से जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के मुक्म्मल इंतजाम की मांग की है।बिल्हा विधायक के साथ हुई घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए धरमजीत सिंह ने कहा कि  यह बात काफी पहले से कही जा रही है कि  छत्तीसगढ़ में कानून -व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और अब छत्तीसगढ़, …. छत्तीसगढ़ न होकर अपराध गढ़ हो गया है।उन्होने कहा यह चुनाव का वर्ष है और अभी राजनैतिक रूप से सभी पार्टियों की गतिविधियां बहुत तेजी के साथ आगे बढ़ रही हैं।




बिल्हा विधायक सियाराम कौशिक क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं और वे मजबूत जनाधार वाले नेता हैं। उनकी लोकप्रियता से दोनों प्रमुख पार्टी कांग्रेस और बीजेपी की चूलें हिल गईं हैं। दोनों पार्टियों के लोग सियाराम कौशिक की लोकप्रियता से डर गए हैं। इसीलिए इस प्रकार की घटना घटित होना शुरू हुई है। उन्होने आरोप लगया कि आगे चलकर इससे बड़ी घटना भी घटित हो सकती है। केवल सियाराम कौशिक ही नहीं बल्कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के किसी भी संभावित उम्मीदवार के साथ इस प्रकार की घटना हो सकती है। जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



धरमजीत सिंह ने आगे कहा कि अगर एक जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में दौरा नहीं कर सकता। अपने क्षेत्र के लोगों से नहीं मिल सकता और उसकी गाड़ियों में पथराव हो तो इससे निंदनीय और क्या हो सकता है। उन्होने कहा कि बीजेपी अब आगे जितने दिन भी सात -आठ महीने सरकार में है तो उसे इस ओर ध्यान देकर जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा का मुकम्मल इंतजाम करना चाहिए ।  अगर आगे कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


Join Our WhatsApp Group Join Now
close