मुंगेली। ( आकाश दत्त मिश्रा) गर्मी की शुरुआत के साथ ही मुंगेली नगर पालिका क्षेत्रो में जल संकट ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए है। जल के गिरते स्तर की वजह से समय से पहले आ चुकी इस समस्या से लगभग पूरा शहर जूझने लगा है। इनमे सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र शिक्षक नगर और बस स्टैंड देखे जा रहे है।
बस स्टैंड क्षेत्र की ओर यदि नज़र डालें तो स्थिति तेजी से बिगड़ती दिख रही है। इस इलाके में दो हैण्डपम्प थे ।जो कि आसपास के दर्जनों व्यक्तिगत बोर पम्प की वजह से सूखते हुए काल के गाल में समा चुके है। इस क्षेत्र में रोजाना हजारो यात्रियों का आना जाना लगा रहता है। इस दौरान पीने के पानी के लिए लोगो को इधर उधर भटकते देखा जाता है। क्षेत्र के होटल संचालको और सुलभ की सहायता से मुसाफिरों की प्यास जैसे तैसे बुझ तो जाती है। लेकिन ज्यादातर मुसाफिरों को बोतल बन्द पानी मनमाने दाम पर खरीदने विवश भी होना पड़ता है। ऐसा नही है कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या से निपटने तैयारी नही कर रही।पालिका प्रशासन के द्वारा बस स्टैंड में 1 रुपये का सिक्का डालकर 1 लीटर आर ओ वाटर प्रदान करने वाली मशीन की स्थापना की गयी है। लेकिन आधी अधूरी तैयारी अब एन वक्त पर प्यासे मुसाफिरों की प्यास बुझाने की बजाय मुँह चिढ़ाती नज़र आ रही है। गर्मी के मौसम की शुरआत में ही जल को लेकर सर उठाती समस्याओ पर नगर पालिका प्रशासन को तत्काल ठोस कदम उठाते हुए क्षेत्र के फुटकर व्यापारियों और मुसाफिरों के लिए समाधान पर फैसला लेने की जरूरत महसूस की जाने लगी है ।क्योंकि गर्मी का कहर बढ़ेगा और जल स्तर और घटेगा, इसमे कोई दो राय नही है।
नगर पालिका मुख्य अधिकारी राजेश गुप्ता के अनुसार समस्या बेहद गम्भीर है और इसपर जल्द से जल्द काम किया जाएगा। जल संकट से निपटने नंगरा पालिका प्रशासन ने हर स्तर पर अपनी कमर कस ली है। जल्द ही निराकरण कर मुंगेली को जल संकट से बाहर निकाल लिया जाएगा।