कांग्रेसमय हुआ शहर..खुली जीप में भूपेश और चरण का जगह जगह आतिशी स्वागत…बाइकर कांग्रेसियों ने निकाली रैली

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर—शहर आज कांग्रेसमय नजर आया। नव नियुक्त जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी और नरेन्द्र बोलर के शपथ ग्रहण समारोह में दिग्गज कांग्रेसी बिलासपुर पहुंचे। बैतलपुर से नेहरू चौक तक कांग्रेसियों ने भूपेश बघेल और चरणदास महंत का आतिशी स्वागत किया। जिसके कारण दो बजे होने वाला शपथ ग्रहण समारोह तीन घंटे बाद शुरू हुआ। आतिशी स्वागत से पीसीसी चीफ और पूर्व केन्द्रीय मंत्री काफी गदगद नजर आए। शहर में जगह जगह लगाए गए पंडाल में पहुंचकर भूपेश और चरणदास ने कांग्रेस कार्यकर्ताओ की हौसला अफजाई की। उन्होने कहा कि अब पूरा विश्वास हो गया कि भाजपा सरकार के दिन पूरे हो गए हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                      बैतलपुर से कांग्रेस नेताओं का स्वागत का दौर शुरू होकर नेहरू चौक तक चला। बैतलपुर में अटल श्रीवास्तव,अरविन्द शुक्ला, बांटू सिंह और सुनील शुक्ला की अगुवाई में कांग्रेसियों ने भूपेश बघेल,चरणदास महंत और विजय केशरवानी का स्वागत किया। बिल्हा में राजेन्द्र शुक्ला और टीम ने दिग्गज नेताओं का फूल माला पहनाकर और फटाखा फोडकर आतिशी सत्कार किया।

                             महाराणा प्रताप चौक से लेकर नेहरू चौक तक स्वागत करने वालों की लम्बी भीड़ दिखाई दी। युवाओं और वरिष्ठ कांग्रेस की टीम ने भूपेश और चरणदास महंत समेत सभी नेताओं का तिफरा काली मंदिर के पास फटाखा फोड़कर खुशियां जाहिर की। मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने के बाद खुली जीप पर नेताओं की पायलिंग सैकड़ों बाइक सवार कांग्रेसियों ने की। राजीव गांधी चौक पर शैलेश पाण्डेय,मोनू अवस्थी ने सैकड़ों कांग्रेसियों के साथ भूपेश का अभिनंदन किया। मंच से भूपेश ने भाषण भी दिया।

                                            सिंधी कालोनी चौक और फारेस्ट कार्यालय के पास अशोक अग्रवाल और त्रिलोक श्रीवास की अगुवाई में कांग्रेसियों ने भूपेश और चरणदास मंहत पर फूलों की बारिश की। इस दौरान ढोल और  ताशा के धुन पर परंपरागत तरीके से लोकनृत्य के धुन पर थिरकते हुए कांग्रेसियों को देखा गया। भूपेश और चरणदास मंहत ने उत्साहित कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ फोटो भी खिंचवाया। गांधी चौक में भी जिला के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने दिग्गज कांग्रेसियों का हार्दिक स्वागत किया।

                   भूपेश बघेल ने जगह जगह स्वागत से अभिभूत होकर मंच से कांग्रेसियों के उत्साह पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होने कहा कि अब विश्वास हो गया है कि प्रदेश की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। सभी कांग्रेस साथियों को एक जुट होकर पिछले पन्द्रह साल से सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है।

                              शहर में जगह जगह स्वागत के लिए लगाए गए पंडाल में कांग्रेसियों का हुजूम देखना को मिला। सभी नेताओं ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया।

जोगी कांग्रेस के 200 कार्यकर्ताओं ने बदला पाला

       राजीव गांधी चौक पर जोगी कांग्रेस नेता रशीद बख्श ने मोनू अवस्थी और शैलेश पाण्डेय के साथ भूपेश और चरणदास महंत का स्वागत किया। इस दौरान जोगी कांग्रेस नेता रशीद बख्स ने कांग्रेस में प्रवेश का एलान किया। रशीद बख्श ने दावा किया कि दो सौ से अधिक लोग उसके साथ कांग्रेस में प्रवेश ले रहे हैं। रसीद बख्श ने बताया कि जल्द ही जोगी कांग्रेस बाप बेटों की पार्टी बनकर रह जाएगी। पार्टी में लोकतंत्र मूल्यों का कोई स्थान नहीं है। रसीद बख्श ने यह भी बताया कि उसने बिना किसी लालच या समझोते के कांग्रेस में प्रवेश लिया है। कांग्रेस ही एक मात्र पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं की बातों को सुना और गुना जाता है।

close