बोदरी को मिलेगा नगर पालिका का दर्जा..निकाय मंत्नी अमर ने कहा….बनेगा बिलासपुर स्मार्ट सिटी हिस्सा

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर–नगर पंचायत बोदरी बिलासपुर स्मार्ट सिटी का अभिन्न हिस्सा होगा। स्मार्ट सिटी के लिए बोदरी नगर पंचायत का मास्टर प्लान जल्द ही तैयार किया जायेगा। यह जानकारी निकाय मंत्री अमर अग्रवाल ने बोदरी में आयोजित विभिन्न निर्माण कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के  दौरान दी। इस दौरान निकाय मंत्री ने बोदरी नगर पंचायत में 3 करोड़ 40 लाख रूपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
                        लोकार्पण कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने की। इस दौरान सांसद लखनलाल साहू, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी विशेष रूप से उपस्थित थे।
                                               संबोधन के दौरान अमर अग्रवाल ने कहा कि बोदरी नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों की पेयजल समस्या का शीघ्र हल कर लिया जायेगा। इसके लिए 4 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये हैं। उन्होने कहा कि प्रदेश में जब भी नई नगर पालिका बनेगी उसमें पहला नाम नगर पालिका बोदरी का ही होगा।
                     अमर ने बताया कि नगर पंचायत बोदरी में पिछले 14 सालों में लगातार विकास किया जा रहा है। क्षेत्र में लंबे समय से सांस्कृतिक भवन की माँग थी। आज लोगों का सपना साकार भी हो गया।  अब नगर वासियों को कार्यक्रम स्थल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मंत्री अग्रवाल ने 3 करोड़ 40 लाख रूपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। अमर ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को बताया कि प्रधानमंत्री ने अपनी प्राथमिकता में स्वच्छा शहर के साथ पक्के आवास को लक्ष्य बनाया है। गर्व की बात है कि स्वच्छता अभियान में छत्तीसगढ़ को देश में तीसरा स्थान हासिल हुआ है। अमर अग्रवाल ने कहा प्रदेश के सभी कच्चे मकान 2022 तक पक्के मकान में बदल जाएंगे।
                                            कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि नगर की बहु प्रतिक्षित सांस्कृतिक भवन की माँग आज पूरी हो गयी है। अब मध्यम परिवार के लोग अपने बेटे-बेटियों की शादी सांस्कृतिक भवन से कर सकेंगे। सांसद  लखनलाल साहू ने आयुष्मान भारत योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होने बताया कि अब गरीब परिवार में किसी भी व्यक्ति की बीमारी में 5 लाख रूपये का निःशुल्क उपचार करवा सकता है। साहू ने सांस्कृतिक भवन में अन्य व्यवस्था के लिए सांसद निधि से 10 लाख रूपये देने का एलान किया।
                     कार्यक्रम में मौजूद अध्यक्ष गृह निर्माण मंडल भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि पिछले 14 सालों में बोदरी का तेजी से विकास हुआ है। बोदरी नगर पंचायत के अंतर्गत चकरभाटा में न्यायधानी, एयरपोर्ट, सड़क चैड़ीकरण के कार्यों को पूरा किया गया है। ओव्हर ब्रिज, अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया है। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू दिवाकर दुबे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष कुशल पाण्डेय ने भी अपने विचारों को सबके सामने रखा।
close