नौतपे की भीषण गर्मी में उमड़ता जनसैलाब सरकार के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक- डॉ. रमन सिंह

Shri Mi
5 Min Read

राजनांदगांव-मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि नौतपे की भीषण गर्मी में जब 44 और 45 डिग्री का तापमान हो, तब कोई घर से बाहर नहीं निकलने की हिम्मत नहीं करता। ऐसे तपते हुए मौसम में भी विकास यात्रा की आमसभाओं में और स्वागत सभाओं में उमड़ता जनसैलाब सरकार के प्रति जनता के भरपूर समर्थन और विश्वास का प्रतीक बन गया है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश वासियों के प्रति आभार प्रकट किया।डॉ. सिंह दोपहर राजनांदगांव जिले के छुईखदान में आयोजित विकास यात्रा की विशाल आम सभा को सम्बोधित कर रहे थे।उन्होंने इस अवसर पर लगभग 338 करोड़ रूपए की लागत के 95 कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें लगभग 126 करोड़ रुपए की लागत से 21 कार्यों का लोकार्पण और 212 करोड़ रुपए की लागत से 74 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने आमसभा में 59 हजार 162 हितग्राहियों को लगभग 51 करोड़ रुपए की सामग्री और सहायता राशि के चेक के साथ ही 27 हजार 478 परिवारों को आबादी पट्टा का वितरण किया।ज्ञातव्य है कि राजनांदगांव में हुई आम सभा में मुख्यमंत्री ने धान बोनस के रूप में खैरागढ़ विकासखण्ड के 10 हजार 149 किसानों को 11.39 करोड़ रुपए तथा छुईखदान विकासखण्ड के 12 हजार 503 किसानों को 15 करोड़ 09 लाख रुपए की राशि का ई-ट्रासंफर कर किसानों के खाते में भुगतान किया था। इनमें से पांच किसानों को छुई खदान की आमसभा में प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र दिया गया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

डॉ. रमन सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा – राजनांदगांव जिले का छुई खदान क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ा और उपेक्षित रह गया था अब यह क्षेत्र आज तेजी से विकास करते हुए अपने गौरव शाली दिनों की और बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि छुई खदान में जनता की मांग पर कृषि महाविद्यालय की स्वीकृति और यहां के लोकसभा सांसद की पहल पर इस क्षेत्र को रेल मार्ग की स्वीकृति मिली है। आने वाले समय में जनता के आर्शीवाद से इस क्षेत्र का चार गुना विकास करेंगे।

उन्होंने कहा – खाद्यान्न सुरक्षा योजना से गरीबों को जो संतुष्टि मिली है, वह सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। किसी भूखे व्यक्ति को भोजन से जो संतुष्टि मिलती है उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस संबंध में महाभारत के दृष्टांत का उल्लेख करते हुए कहा कि भूखे को भोजन कराना महायज्ञ के समान है।डॉ. सिंह ने कहा – छत्तीसगढ़ की सरकार गांव, गरीब और किसानों की सरकार है। विकास यात्रा में किसानों के लिए 1700 करोड़ रूपए का धान बोनस और फसल बीमा की राशि बांट रहे हैं। इस यात्रा में 30 हजार करोड़ से ज्यादा के कामों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जा रहा है। इसके अलावा 700 करोड़ रुपये  के तेंदूपत्ता बोनस की राशि भी वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य ) में गांव-गांव में बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है। आने वाले 4 महीने के अंदर छत्तीसगढ़ के शत प्रतिशत लोगों के घरों में बिजली पहुंच जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव गांव में इंटरनेट कनेक्टिविटी देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की एक बड़ी योजना संचार क्रांति योजना शुरू की है। इस योजना में 50 लाख परिवारों को स्मार्ट फोन वितरित किया जाएगा। इस स्मार्टफोन जिसमें ऐसा ऐप होगा जिससे लोग अलग-अलग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना में गरीबों को 5 लाख रूपए तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। गरीब लोगों के घर किसी को अगर कैंसर, किडनी, हार्ट की बीमारी हो जाए तो वे इस योजना से अपना इलाज करा सकेंगे।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close