कलेक्टर ने कहा….हिर्री माइन्स से मिलेगा बोदरी को पानी…करीब 4 करोड़ होंगे खर्च…सालों तक नहीं रहेगी किल्लत

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
 बिलासपुर— कलेक्टर पी.दयानन्द ने बताया कि जिले में पानी की बहुत बड़ी समस्या नहीं है। शिकायतों के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारियों की नजर पानी की समस्या पर लगातार है। जहां भी शिकायतें मिल रही हैं..तत्काल पता लगाया जा रहा है। जरूरत के मुताबिक बोर का आदेश दिया जा रहा है। कुछ स्थान विशेष पर पानी की समस्या की जानकारी मिली थी। वहां हैण्डपम्प की व्यवस्था की जा रही है। पत्रकारों से कलेक्टर ने बताया कि जानकारी मिल रही है कि 13 जून को सीएम बिलासपुर नहीं आएंगे। फिलहाल अभी आधिकारिक लिखित जानकारी नहीं मिली है।
                             कलेक्टर पी.दयानन्द ने बताया कि पानी किल्लत की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मैने व्यक्तिगत तौर पर जिले के एक-एक ब्लाक और क्षेत्र का दौरा किया है। लगातार मानिटरिंग भी कर रहा हूं। पानी की समस्या नहीं है। हां जलस्तर नीचे जाने से जनता को परेशानी हो रही है। मस्तूरी और कोटा में दो एक जगह पानी की शिकायत मिल रही थी। मानिटरिंग के बाद दोनों स्थानों पर बोर और हैण्डपम्प लगाने का आदेश दिया गया है। समस्या दो एक दिन में दूर भी हो गयी है। इसके बाद भी पेयजल समस्या पर प्रशासन की गंभीरता से नजर है। शहरी क्षेत्रों में पेयजल की समस्या सामने आयी है। वहां टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। जहां जरूरत महसूस हो रही है वहां हैण्डपम्प लगाने का आदेश भी दिया है।
चार करोड़ से बनेगा प्रोजेक्ट
                        पी.दयानन्द ने बताया कि हिर्री माइन्स से लगातार पानी निकलता है। उपयोग नहीं होने से पानी बेकार चला जाता है। जबकि बोदरी नगर पंचायत में पानी की गंभीर समस्या है। जल स्तर बहुत नीचे चला गया है। लोग लगातार पानी की समस्या लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंच रहे थे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और स्थानीय लोगों के सुझाव पर जिला प्रशासन ने हिर्री माइन्स का पानी बोदरी बस्ती तक पहुंचाने का फैसला किया है।
                       कलेक्टर ने बताया कि सुझाव भी बेहतर था। लोगों की समस्याएं भी बड़ी थी। इस बात को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन ने फैसला किया है कि हिर्री माइन्स के पानी का बेहतर उपयोग किया जाए। माइन्स से बस्ती तक पानी लाने के सुझाव को पास भी कर दिया गया है। इसमें करीब तीन से चार करोड़ रूपए का खर्च आएगा। दयानन्द ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि क्षेत्र में कई सालों तक पानी की समस्या नहीं होगी। इसके अलावा पानी की समस्या को लेकर और भी उचित कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारिक आदेश का इंतजार
                    एक सवाल के जवाब में कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री 13 जून को तखतपुर बिलासपुर विकास यात्रा में आने वाले थे। किन्ही कारणों से मुख्यमंत्री का बिलासपुर,तखतपुर प्रवास नहीं होगा। जानकारी मिल रही है कि तखतपुर और बिलासपुर विकास यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री का रायपुर प्रवास है। शायद इन्ही कारणों से मुख्यमंत्री का बिलासपुर विकास यात्रा को निलंबित किया गया है। कलेक्टर ने यह भी बताया कि फिलहाल अभी मामले को लेकर नया आदेश नहीं मिला है।
close