..कांग्रेस के अन्दर खदबद..अरपा यात्रा के नाम दावेदार दिखा रहे प्रभारी को ताकत..जगह-जगह कर रहे फूल माला से स्वागत

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर— बहुत उम्दा शेर है…हम क्या करने आए थे…और क्या कर बैठे… जी हां शायरी का यह आधा हिस्सा कांग्रेसियों पर सटीक बैठती है। अरपा बचाओ यात्रा के तीसरे दिन कांग्रेसियों में खदबद शुरू हो गयी है। दबी जुबान में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और अरपा को लेकर संजीदा नेताओं ने कहना शुरू कर दिया है कि हम अपना उद्देश्य भूल गए हैं। अरपा के किनारे रहकर एक बार फिर अरपा का तिरस्कार हो रहा है। नेता अरपा की दुर्दशा और गरीबों की बातें कम..स्वागत करने और करवाने में ज्यादा सक्रिया हैं।
               जिला कांग्रेस की संयुक्त कमेटी के प्रयास से तीसरे दिन कांग्रेसियों की अरपा बचाओ यात्रा पचरी घाट से शुरू होकर शाम को मंगला स्थित धुरीपारा पहुंची। इस दौरान प्रदेश प्रभारी चंदन यादव का कांग्रेसियों ने जगह-जगह मतलब हर दस कदम पर फूल माला से आत्मीय स्वागत किया। अत्यधिक स्वागत सत्कार से परेशान एक कांग्रेस नेता ने कहा कि समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर हम स्वागत करवाने निकले हैं या फिर अरपा बचाओ का संदेश देने। क्योंकि यह संस्कृति तो भाजपाइयों की है। हमें अच्छी तरह से याद है कि इसी फूल माला में दबकर कांग्रेस आज इस स्थिति तक पहुंची है।
                                 नाम नहीं उजागर होने की शर्त पर एक जिम्मेदार कांग्रेस नेता ने बताया कि हमारा काम लोगों को बताना है कि अरपा की बदहाली के लिए जिम्मेदार कौन है। लेकिन यहां तो लोग फूल माला के साथ स्वागत में ऐसे मशगुल हैं कि जैसे प्रभारी सचिव को स्वागत के लिए ही बुलाया गया है। जगह-जगह लोग पोस्टर बैनर लगाकर अपनी ताकत का परिचय दे रहे हैं।
                     मालूम हो कि जिला कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में अरपा बचाओ पदयात्रा शाम 4 बजे पचरी घाट से निकली। भाषण के बाद अरपा यात्रा में निकले प्रदेश प्रभारी चंदन यादव का पहले रपटा पुल के पास कार्यकर्ताओं ने फूल माला से स्वागत किया। इसके बाद बिलासा चौक..फिर बाल्मिकी चौक..दस कदम चलकर सांई मदिर के पास फूलों से प्रभारी सचिव को लाद दिया गया। इतना ही नहीं इंदिरा सेतु पहुंचते ही प्रभारी सचिव का फिर से फूल माला से कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कुंदुदन्ड तक पहुंचने तक कदम कदम पर कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने चंदन यादव का इतना स्वागत किया कि खुद प्रभारी सचिव को भी इसका अंदाजा कभी नहीं रहा होगा।
                      कुछ कांग्रेसियों ने बताया कि टिकट के दावेदारों ने अरपा यात्रा को हैक कर लिया है। बेहतर होता कि अरपा तट के वासी कांग्रेस नेताओं का स्वागत करते। यात्रा में कदम से कदम मिलाकर चलते। लेकिन यहां तो दावेदारों ने जगह जगह फूल माला देकर अपने आदमियों को चौक चौराहों पर खड़ा कर दिया है। हम यात्रा के बहाने गरीबों की आवाज उठाने के लिए निकले हैं। लेकिन यहां तो सब कुछ उल्टा पुल्टा हो रहा है। ऐसा लग रहा है कि अरपा पदयात्रा टिकट दावेदारों की यात्रा बनकर रह गयी है।
close