अहंकार में गोते लगा रहे भाजपा नेता…कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा…तखतपुर घटना से बेनकाब हुआ चाल चरित्र चेहरा

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

बिलासपुर–कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि तखतपुर में भाजपा नेता की खुलेआम दादागिरी और गुण्डागर्दी से स्थानीय लोग दहशत में है। बुधवार  रात की घटना से जाहिर हो गया है कि भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं में नैतिकता नाम की चीज नहीं है। खुलेआम पुलिस अधिकारी को पीटा गया..वर्दी फाड़ी गयी। समझा जा सकता है कि भाजपा नेताओं की नजर में पुलिस की क्या अहमियत है। यही कारण है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। तखतपुर की घटना से भाजपा नेताओं का चाल चरित्र और चेहरा सबके सामने आ चुका है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                      प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश पाण्डेय ने बताया कि तखतपुर घटना से जाहिर हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरी तरह से संस्कार विहीन हैं। प्रदेश मे कानून व्यव्स्था सत्ता के दबाव मे है। विधायक, सांसद, मंत्री के रिश्तेदार सरेआम गुंडागर्दी कर पुलिस को निशाने बनाते हैं। तखतपुर में भाजपा नेताओं के परिजनों की गुंडागर्दी के किस्से आए दिन अखबारों की सुर्खियों होती हैं।

              कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा नेताओं ने तखतपुर क्षेत्र को गुण्डागर्दी का अड्डा बना दिया है। बीती रात पूर्व विधायक के बेटे और मंत्री मोहले के रिश्तेदारों ने पुलिस जवान और इंस्पेक्टर से मारपीट की है। इस तरह के वारदात पहले भी तखतपुर में देखने को मिला है।  कुछ महीने पहले विधायक ने टीआई पर जानलेवा हमला किया था। थानेदार को जान बचाकर भागना पड़ा था। इसके बाद विधायक समर्थकों ने थानेदार की कार को भी निशाना बनाया था।

                          शैलेश पाण्डेय के अनुसार तखतपुर में भाजपा नेता और उनके रिश्तेदारों की गुंडागर्दी से क्षेत्र में दहशत का महौल है। मंत्री के रिश्तेदारों ने पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर ना केवल हमला किया बल्कि पुलिस सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल के मारपीट भी की। गुंंडों ने पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी को फाड़ा।  शासकीय कार्य में व्यवधान भी डाला।

                       शैलेश ने कहा कि ड्यूटी के दौरान वर्दी फाड़ना गैरकानूनी है। बावजूद इसके वर्दी फाड़ी गयी। इससे जाहिर होता है कि प्रदेश पुलिस कितने दबाव में काम कर रही है। सत्ता और शराब के नशे में डूबे भाजपा नेताओं के परिजनों के  आतंक से तखतपुर के लोग दहशत में हैं। लेकिन जनता निरीह बनकर भाजपा नेताओं और उनके परिजनों के आतंक और गुंडागर्दी को बर्दास्त कर रही है।

close