तीसरी-चौथी के बच्चों ने कलेक्टर को सुनाया 25 तक पहाड़ा..पूरे गांव ने बजाई ताली

Shri Mi
2 Min Read

बिलासपुर। कलेक्टर पी दयानंद उस समय हैरान रह गए जब उन्हें तीसरी और चौथी क्लास में पढ़ने वाले बच्चों ने 25 तक पहाड़े सुना दिये। इस पर उपस्थित सभी ग्रामीणों ने ताली बजाकर बच्चों की हौसलाफजाई की। प्रसन्न होकर कलेक्टर ने सभी बच्चों को टॉफी और चॉकलेट खिलायी। कलेक्टर ने बच्चों से सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे। उन्होंने बच्चों से छत्तीसगढ़ की राजधानी और मुख्यमंत्री का नाम पूछा तो बच्चों ने सही जवाब दिये।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय स्कूल में पढ़ने वाले इतने छोटे बच्चे कई लोगों के लिये प्रेरणा स्त्रोत हैं। दरअसल कलेक्टर आज कोटा विकासखण्ड के सुदूर वनांचल स्थित ग्राम कुरदर में शाला प्रवेशोत्सव में पहुंचे थे। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर शाला में प्रवेश कराया। दयानंद ने बच्चों को गणवेश और कॉपी किताब का भी वितरण किया। शासकीय स्कूल के खेल मैदान के लिये जमीन देने वाले कृषक राकेश सिंह बैगा को कलेक्टर ने सम्मानित किया।कलेक्टर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे पढ़ाई में इतनी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बगैर शिक्षा के क्रांति संभव नहीं है। बच्चे इस देश का भविष्य हैं। इस गांव के सरपंच ने पिछले 30 साल में यहां बहुत काम किया है। आप सभी संकल्प लें कि इस गांव में कोई भी अशिक्षित न रहे। बहुत जल्द ही शासन द्वारा आप सभी को मोबाइल फोन दिया जाएगा। जिसमें सभी योजनाओँ की जानकारी रहेगी। आप सभी को साक्षर होने के साथ-साथ डिजिटल ज्ञान भी होना आवश्यक है।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को छाता, रेडियो का भी वितरण किया। इस अवसर पर सीए एसोसियेशन के सदस्यों ने बच्चों को कॉपी-किताब, स्कूल बैग का वितरण किया। कलेक्टर ने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर सहायक संचालक ओम पांडेय, सीए एसोसियेशन के अध्यक्ष मनोज शुक्ला, रजत अग्रवाल, अतुल्य ओझा उपस्थित रहे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close