फर्क तो पड़ता है डॉक्टर साहेब…आप माने या न माने.. इस आवाज ने दिलाया किसानों को न्यायः शैलेश नीतिन

BHASKAR MISHRA
3 Min Read

रायपुर– कांग्रेस नेता शैलेश नीतिन त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के बयानों पर की गई टिप्पणी पर  कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री एवं संचार विभाग अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि फर्क तो पड़ता है डॉक्टर साहेब…आप माने या न माने। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की आवाज छत्तीसगढ़ के अवाम की आवाज है। किसानों की आवाज है, मजदूरो और मेहनतकश लोगो की आवाज है। यह आवाज मुख्यमंत्री रमन सिंह  को नहीं सुनाई देती है तो यह उनकी समस्या है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                    मालूम हो कि एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने हाईकोर्ट में एक बयान पत्रकारों के सवाल पर दिया कि भूपेश क्या बोलते हैं…उसका फर्क क्या पड़ता है। बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए शैलेश ने कहा कि डॉक्टर साहेब फर्क तो पड़ता है। शैलेश ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की छत्तीसगढ़ के हित और हक में उठने वाली आवाज से मुख्यमंत्री जी को कोई फर्क नहीं पड़ता है तो न पड़े…लेकिन छत्तीसगढ़ के लोगो को फर्क पड़ता है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की आवाज से मुख्यमंत्री रमन सिंह जी को फर्क पड़ता है। धान की खरीद सीमा 10 क्विंटल से 15 क्विंटल इसी आवाज के चलते मुख्यमंत्री रमन सिंह जी सरकार को करना पड़ा है।

     त्रिवेदी ने कहा कि 14वें वित्त आयोग की राशि का पंचायतों का फंड मोबाईल टावरों के लिये निजी कंपनी को ट्रांसफर करने का निर्णय इसी आवाज के चलते मुख्यमंत्री की सरकार को वापस लेना पड़ा था। जंगलों में रहने वालों को सामुदायिक वन अधिकारों से वंचित करने का निर्णय मुख्यमंत्री की सरकार को इसी आवाज के चलते वापस लेना पड़ा था। इसी आवाज के चलते आदिवासियों की जमीनो को लूटने की कंपनियों को छूट देने का काला कानून भू-राजस्व संहिता में संशोधन को वापस लेने का निर्णय मुख्यमंत्री को लेना  पड़ा।

                   त्रिवेदी ने बताया कि इस आवाज से फर्क तो इसलिये भी पड़ता है क्योकि किसानों को बोनस निरस्त राशनकार्डो की बहाली और शिक्षाकर्मियों के संविलयन के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की यह आवाज उठती रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री ने कहा कि प्रजातंत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों महत्वपूर्ण होते है। मुख्यमंत्री रमन सिंह का यह बयान सरकार की मुखिया की प्रजातांत्रिक मूल्यों की अवहेलना को उजागर करता है।

close