बरसात में जमकर चली भाषणवाजी..फिर किया तहसील का घेराव..कांग्रेस अध्यक्ष कहा…जिले के किसानों को राहत राशि ऊंट के मुंह में जीरा

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

बिलासपुर— बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेसियों ने जल जंगल जमीन किसान युवा और मजदूरों की समस्याओं को लेकर उप-तहसील का घेराव किया। तहसील घेराव के पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी की अगुवाई में एक विशाल सभा का आयोजन किया गया । इस दौरान विजय केशरवानी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। मानसून ने भी कांग्रेसियों की जमकर परीक्षा ली। बावजूद इसके हजारों हजार की भीड़ अपनी जगह से हिलना मुनासिब नहीं समझा। बरसते पानी में कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान टिकट दावेदारों ने भीज़ जुटाकर जमकर दावेदारी भी की। सभा के बाद बरसते पानी में विजय केशरवानी और प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव के साथ किसानों ने रैली भी निकाली। उप-तहसील कार्यालय का घेराव करने विजय केशरवानी बैलगाडी पर सवार होकर पहुंचे। राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार राजकुमार साहू के सामने शिकायत के साथ मांग पत्र दिया। नायब तहसीलदार ने  पत्र को उचित जगह पहुंचाने का आश्वासन दिया।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                   तखतपुर,पेन्ड्रा के बाद जिला कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में बेलतरा उप-तहसील का भी किसान युवा और मजदूरों ने घेराव किया। इसके पहले एक सभा का आयोजन कर विजय केशरवानी ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। केशरवानी ने कहा कि सरकार को दो आंखे हैं। एक आंख कमजोर हो गयी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण राजनांदगांव को दोनों हाथ से भरपूर राहत राशि दी गयी है। लेकिन बिलासपुर जिले के किसानों को दी गयी राहत राशि ऊंट के मुंह में जीरा जैसे है।

                       विजय केशरवानी ने बताया कि बेलतरा क्षेत्र में खूंटाघाट जैसा बांध है। लेकिन किसान पानी पानी को मोहताज हो गये हैं। नहर है लेकिन पानी का इंतजार करते जर्जर हो चुकी है। किसान पिछले तीन सालों से पाई पाई को मोहताज है। बावजूद  इसके आज तक ना तो राहत राशि दी गयी है। ना ही बीमा फसल का लाभ ही मिला है। जिन्हें बीमा फसल भी दिया गया है उस रकम को कहते और सुनते दोनों ही स्थिति में शर्म आती है। जबकि दी गयी बीमा राशि से एक माचिस भी खरीदना मुश्किल है। यह जानते हुए भी किसानों ने पिछले दस साल से बीमा प्रीमियम ईमानदारी से दिया है। केशरवानी ने कहा कि सरकार चहेतों को बीमा कराने का ठेका दी है। किसानों के हितों पर डाका डालकर चुनाव लड़ने की रणनीति भारतीय जनता पार्टी बनायी है।

              केशरवानी ने कहा किसान आत्महत्या कर रहे हैं। 2013 का संकल्प पत्र आज तक पूरा नहीं किया गया है। कर्मचारी सड़क पर उतर रहे हैं। मनरेगा मजदूरों का सालों साल का भुगतान नहीं किया गया है। पलायन में कमी नहीं है। धान बीज का कृतिम संकट पैदा कर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। सभा में बरसते पानी के बीच एकत्रित जनसमुदाय से जाहिर हो गया है कि जनता भारतीय जनता पार्टी सरकार को बेदखल करने को पूरी तरह तैयार बाठी है।

                        प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने बताया कि हर जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बिना कमीशन काम नहीं होता है। किसान खाद बीज के लिए दर दर भटक रहा है। सरकारी संस्थानों से घटिया गुणवत्ता वाली बीज दी जा रही है। सरकार ने एलान किया था कि पाई पाई धान की खरीदी होगी। लेकिन अपने वादे से मुकरते हुए सरकार ने मात्र 15 क्विंटल की सीमा निर्धारित कर दी है। कहा एलान किया गया था कि 21 सौ रूपए समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी होगी। 3 सौ रूपए बोनस दिया जाएगा। लेकिन ऐसा हुआ कुछ नहीं। चुनाव नजदीक आते ही किसानों के हाथ में 200 का घुनघुना थमा दिया गया। लेकिन जनता सब जानती है। इस बात को सरकार भी समझ चुकी है।

                     सभा संबोधन के बाद सभी कांग्रेसी किसानों और युवाओं के साथ उप-तहसील कार्यालय पहुंचे। नायब तहसीलदार राजकुमार साहू को राज्य पाल के नाम शिकायत कम मांग पत्र दिया। शिकायत दूर नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। सभा को विजाय केशरवानी और अटल श्रीवास्तव के अलावा टिकट दावेदार अजय सिंह,राजेन्द्र साहू,भुवनेश्वर यादव,जसबीर गुम्बर,पिनाल उपवेजा,रमेश कौशिक , जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल चौहान ने भी संबोधित किया। अनिल चौहान ने बताया कि जल्द ही बिल्हा,मस्तूरी और कोटा तहसील का किसानों के साथ घेराव किया जाएगा।

close