एनएसयूआई और कांग्रेस व्यापार विभाग की मीटिंग में शामिल होंगे पुनिया

Shri Mi
2 Min Read

रायपुर।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया आज दोपहर 12 बजे छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएसयुआई की प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक में भाग लेंगे और दोपहर 2 बजे होटल सेलिब्रेशन में कांग्रेस व्यापार विभाग के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। प्रदेश में सरकार की लचर युवा नीतियों के चलते छात्रों और युवाओ में आक्रोश और बदलाव का वातावरण है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा इस बार प्रदेश में परिवर्तन का संकल्प लिया गया है।

आज एनएसयुआई की प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक का आयोजन किया गया है जिसमें मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पी.एल. पुनिया द्वारा संगठन की भूमिका व तैयारियों की समीक्षा की जायेगी जिसमें सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों सहित, विधानसभा, ब्लाक एवं महाविद्यालयीन पदाधिकारियो की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेतागण और एनएसयुआई के प्रभारी शैलेश नितिन त्रिवेदी बैठक में शामिल होंगे।

नोटबंदी और जी.एस.टी. के बाद व्यापार उद्योग जगत के समक्ष उत्पन्न हुई समस्याओं पर व्यापार उद्योग जगत से चर्चा कर उनके निराकरण के संबंध में कांग्रेस की नीतियों से अवगत कराने के लिए कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ द्वारा होटल सेलिब्रेशन में दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक व्यापारी संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें व्यापारियों से संवाद एवं कांग्रेस की नीतियों पर चर्चा की जाएगी।

इस अवसर पर व्यापार-उद्योग के साथ सामाजिक-धार्मिक क्षेत्र में सर्वहारा वर्ग की समर्पित सेवा करने वाले वरिष्ठजनों का सम्मान किया जायेगा। कांग्रेस व्यापार विभाग की बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया के साथ पार्टी के सभी वरिष्ठ नेतागण शामिल होंगे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close