जोगी ने कहा…जेब में लेकर आए झीरम काण्ड दोषियों का नाम…राहुल बताएं क्यों नही कराया सीबीआई जांच

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
रायपुर–भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। इसके पहले जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) प्रमुख अजीत जोगी ने राहुल गांधी के खिलाफ खुलकर बोला है। जोगी ने कहा कि राहुल गांधी अपने साथ झीरम घटना के दोषियों के नाम की पर्ची और प्रमाण भी लेकर आएं। जोगी ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी झीरम काण्ड का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं।
                         अजीत जोगी ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि एक तरफ जहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष झीरम कांड पर चुप्पी साधे हुए है। वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कुछ नेता और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अपनी राजनीतिक रोटी सेकने झीरम कांड का इस्तेमाल कर रहे हैं। आये दिन तथ्यहीन  बयानबाजी कर दोषियों का पता होने की बात करते हैं।
              अजीत जोगी ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी को पता है कि झीरम कांड का दोषी कौन है तो  राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमाणों के साथ झीरम के दोषियों के नाम क्यों नही सार्वजनिक करते।  जोगी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से सवाल किया है कि साल 2013 में केंद्र में कांग्रेस सरकार होते हुए भी झीरम कांड की सीबीआई जांच क्यों नही हुई।
                     प्रेस नोट जारी कर जोगी ने कहा कि राहुल गांधी के संरक्षण में ही छतीसगढ़ के कुछ एक नेता, झीरम के शहीदों की शहादत पर ओछी और द्वेषपूर्ण राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी, झीरम के शहीदों के परिवार वालों को न्याय दिलाने नही लड़ रही है। बल्कि छत्तीसगढ़ में अपना अस्तित्व बचाने झीरम घटना का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।
close