अब 31 अगस्त तक जुडेगा नाम…कलेक्टर ने दी जानकारी…कांग्रेस नेता आशीष ने..आयोग को दिया धन्यवाद

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— विधानसभा चुनाव 2018 मतदाता सूची में नाम जोडऩे की तारीख को दस दिन बढ़ा दिया गया है। अब प्रदेश के मतदाता 31 अगस्त तक बूथ पर पहुंंचकर नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा एक बूथ से दूसरे बूथ पर सुविधानुसार आवेदन कर नाम स्थानान्तरित करवा सकते हैं। यह जानकारी प्रेस वार्ता में जिला कलेक्टर पी.दयानन्द ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। कलेक्टर पी.दयानन्द ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश और लोगों की मांग पर नाम जुड़वाने और दावा आपत्ती की तारीख को 21 अगस्त से बढ़ाकर 31 अगस्त कर दिया गया है। बाकी सभी प्रक्रिया और कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।

                   कलेक्टर पी.दयानन्द ने बताया कि जनप्रतिनिधियों की मांग और चुनाव आयोग के निर्देश पर तारीख बढ़ाने का फैसला लिया गया है। मंथन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता कार्यक्रम में कलेक्टर ने बताया कि 20 सितम्बर तक लोगों की शिकायतों और दावा आपत्ति का निराकरण किया जाएगा।

       कलेक्टर ने बताया कि मतदाता सूची और डेटाबेस समेत सूची प्रकाशन का काम 26 सितम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा। 27 सितम्बर को मतदाता सूची का फायनल प्रकाशन किया जाएगा।

पार्टी नेता भी हुए शामिल

           कलेक्टर प्रेसवार्ता में पत्रकारों के अलावा कांग्रेस,भाजपा और जनता कांग्रेस के नेता भी मौजूद थे। कलेक्टर ने पत्रकारों और पार्टी प्रतिनिधियों के सवालों का जवाब दिया। इस दौरान बूथ स्तर पर फार्म की कमी का भी मामला सामने आया। कलेक्टर ने कहा कि यद्यपि फार्म कम होने की जानकारी नहीं है फिर भी इसे गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होने कहा कि एक व्यक्ति अधिक से अधिक 10 आवेदन ही जमा कर सकता है। इससे अधिक आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने दिया आयोग को धन्यवाद

                        कलेक्टर प्रेसवार्ता के बाद प्रदेश कांग्रेस सचिव आशीष सिंह ठाकुर ने चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया है। आशीष सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर मतदाता सूची में नाम जोड़वाने के तारीख को बढ़ाने को कहा था। छत्तीसगढ़ के मुख्य चुनाव अधिकारी ने पत्र को गंंभीरता से लिया। निश्चित रूप से मतदाता सूची में जुड़वाने की तारीख बढ़ाने से आम जनता को फायदा मिलेगा।

                 आशीष सिंह ने बताया कि मतदाता पिछले एक सप्ताह से नाम जोड़वाने के लिए भटक रहा है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस 16 अगस्त को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बलराम दास टण्डन के निधन पर अवकाश घोषित की गई। 17 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी जी के निधन के बाद राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया गया था। 18 अगस्त को तीसरा शनिवार होने के कारण शासकीय अवकाश और 19 अगस्त को रविवार के चलते मतदाता नाम नहीं जुड़वा सका।

                   आशीष सिंह ने तखतपुर समेत जिले के सभी विधानसभाओं के मतदाताओं से अपील की है कि लोग अपने अधिकारों को समझे। मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं। जो मतदाता अपना नाम जोड़वाने से वंचित रह गया है निर्धारित स्थान पर जाकर नाम जुड़वाएं। और लोगों को भी नाम जुड़वाने के लिए कहें।

                       पत्रवार्ता में एडिश्नल कलेक्टर बी.एस.उइके समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

close