एनसीपी प्रदेश प्रमुख ने कहा…लाठीचार्ज में आलाधिकारियों का हाथ…बड़े लोगों के दबाव में दिया घटना को अंजाम

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—एनसीपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सतीष जग्गी ने कहा कि किसी राष्ट्रीय दल के कार्यालय में घुसकर बेरहम पुलिस का लाठीचार्ज अक्षम्य अपराध है। ऐसे स्थान पर जहां से पुलिस अधीक्षक का कार्यालय और घर दोनों ही कुछ कदम की दूरी पर हैं। लाठीचार्ज सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। इसमें पुलिस के आलाधिकारियों के शामिल होने से इकार नहीं किया जा सकता है।
              एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष जग्गी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हार के भय से परेशान है। पिछले चार महीनों में पांच सरकारी हमला हुआ है। महासमुंद में पुलिस ने विधायक को पीटा। हड़ताली महिलाओं पर हमला किया गया। शिक्षाकर्मियों के साथ मारपीट हुई। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने लाठी से पीटा। प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे आप नेताओं को गिरफ्तार कर आपराधिक मामला दर्ज किया गया। अब देश की बड़ी पार्टी के कार्यालय में घुसकर लाठीचार्ज किया गया। जग्गी के अनुसार सरकार पागल हो चुकी है। क्योंकि जनता ने मन बना लिया है कि भाजपा को हटाना है।
              सतीश जग्गी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि किसी बड़े आदमी के दबाव में पुलिस ने कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में घुसकर गुंडागर्दी की है। ऐसा कर सरकार ने जनता पर दबाव बनाने का प्रयास किया है। दरअसल सरकार बिलासपुर में लाठीचार्ज कर प्रदेश के अन्य पार्टियों पर दबाव बनाने का षड़यंत्र किया। जग्गी ने मांग करते हुए कहा कि दोषी पुलिस अधिकारी पर एफआईआर दर्ज किया जाए। जिन कर्मचारियों ने पार्टी कार्यालय के अन्दर घुसकर लाठीचार्ज किया है उन्हे बर्खास्त कर मामले की न्यायिक जांच की जाए।
                 जग्गी ने चुनाव आयोग से लिखित में बयान देकर प्रदेश के डीजीपी और मुख्य सचिव को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक दूर रखे जाने की मांग की है। सतीष ने कहा कि जब तक चुनाव ना हो जाए प्रदेश डीजीपी और मुख्य सचिव को दूर रखते हुए अन्य राज्यों के अधिकारियों की सेवाएं ली जाए।
close