बिलासपुर में गिरफ्तारी के बाद टी.एस सिंहदेव बोले- …..लाठी चार्ज मामले में न्याय मिलने तक जारी रहेगा विरोध

Chief Editor
2 Min Read

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा नें नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंहदेव ने कहा है कि बिलासपुर में कांग्रेसियों पर हुए बर्बर लाठी चार्ज का विरोध करने जा रहे कांग्रेसियों को भले ही जगह-जगह पर रोक कर गिरफ्तार कर लिया गया है। लेकिन जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक कांग्रेस की ओर  से विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। कांग्रेस के लोग अपनी घोषणा के अनुसार प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के कार्यक्रमों का इसी तरह से विरोध करते रहेंगे।जाँजगीर जाते समय कैरियर पाइँट के पास बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के साथ गिरफ्तारी के बाद cgwall.com से सिंहदेव ने कहा कि बिलासपुर में मंगलवार को कांग्रेसियों पर जिस तरह बर्बर तरीके से लाठियां बरसाई गईं , वह अन्ययापूर्ण और अलोकताँत्रिक है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध कर रही है। इसी के तहत प्रधानमंत्री के जाँजगीर दौरे के समय उन्हे काला झंडा दिखाने का एलान किया गया था। लेकिन जाँजगीर जा रहे कांग्रेसियों को जगह-जगह पर रोक दिया गया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

जब पूछा गया कि अब कांग्रेस का अगला कदम क्या होगा….. तो उन्होने जवाब दिया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने पहले ही एलान किया है कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता और कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तब तक कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के कार्यक्रमों का विरोध किया जाएगा। कांग्रेस न्याय मिलने तक विरोध जारी रखेगी ।

काला झंडा दिखाने जाते समय पुलिस के रुख के बारे में पूछे जाने पर टी.एस.सिंहदेव ने कहा कि पुलिस का रुख जिम्मेदाराना था। पुलिस नें सभी को समझाते हुए पूरी परिपक्वता के साथ शांति बनाए रखी। माहौल शांतिपूर्ण बनाए रखना ही पुलिस की जिम्मेदारी है। कतिपय लोग हैं, जो गड़बड़ करते हैं। पुलिस यदि विश्वास अर्जित करते हुए काम करे तो उसे पूरा सहयोग मिलता है।

close