भूपेश की गिरफ्तारी के बाद CM का फूंका पुतला…कांग्रेसियों ने कहा..काले झण्डे और भूपेश से डर गयी सरकार

BHASKAR MISHRA
6 Min Read
बिलासपुर—जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद नेहरू चौक में उग्र प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। केंद्र के साथ राज्य सरकार पर सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रमन सिंह सरकार कांग्रेस नेता को जानबूझकर निशाना बना रही है। पीसीसी चीफ को ठीक चुनाव से पहले सोची समझी रणनीति का हिस्सा बनाया जा रहा है। कांग्रेस अब पीसीसी के निर्देश के बाद सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।
            मालूम हो कि सीबीआई की विशेष कोर्ट ने मंत्री सेक्स सीडी काण्ड की सुनवाई के बाद पीसीसी अध्यक्ष  भूपेश बघेल को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फैसले के खिलाफ रायपुर में कांग्रेस नेताओं ने जमकर उपद्रव किया। बताया जा रहा है कि जिस गाड़ी में भूपेश बघेल को बैठाकर कोर्ट से जेल भेजा जा रहा था कांग्रेसियों ने उसे हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया है।
           जानकारी यह भी मिली है कि कांग्रेस नेताओं ने भूपेश को गाड़ी से उतारने का भी प्रयास किया । लेकिन पुलिस के सख्त पहरे के कारण कांग्रेसियों को सफलता नहीं मिली।
        इधर बिलासपुर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने शाम 6 बजे प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ हाय-हाय के नारे लगाए। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का पुतला भी जलाया। मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कांग्रेस नेताओं ने रायपुर कूच का भी एलान किया।
काले झण्डे से डर गयी सरकार..तानाशाही की पराकाष्टा
          प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने कहा कि एक साल तक चालान पुट नहीं हुआ था।  पूरे मामले में भूपेश बघेल का नाम भी नहीं था। लेकिन जैसे ही प्रधानमंत्री को काला झण्डा दिखाने का फैसला लिया गया। उन्हें बिना किसी आरोप के सीबीआई के सहारे जेल भेजा गया। अब तो जाहिर हो चुका है कि लोकतंत्र का गला घोटा जा रहा है। देश में आपातकाल की स्थिति बन चुकी है। अब जनता बर्दास्त नहीं करेगी।
डंडे के दम पर चुनाव जीतना चाहती है भाजपा
                  जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष नरेन्द्र बोलर ने कहा कि भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ही नहीं बल्कि प्रदेश की जनता में आक्रोश है। हमने आज पुतला जलाकर सरकार के खिलाफ खुली चुनौती दी है। भूपेश बघेल को जनता के हित में आवाज उठाने की सजा दी जा रही है। भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। सरकार को अहसास हो गया है कि करारी हार होने वाली है। इसलिए डंडे की जोर पर चुनाव जीतना चाहती है। रायपुर से पीसीसी का बुलावा आया है। जिले के सभी नेता रायपुर जाँएंगे। जो भी फैसला और निर्देश होगा उसके अनुसार आगामी कार्रवाई होगी।
भाजपा सरकार डर गयी
            प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार डर गयी है। आगामी चुनाव में हार सुनिश्चित है। यही कारण है कि अब साम  दाम दण्ड भेद कर चुनाव जीतनी साजिश की जा रही है। भूपेश बघेल निर्दोष हैं। लेकिन डरने वाले नहीं है। प्रदेश की जनता और पार्टी के शेर कार्यकर्ता भूपेश के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। भाजपा सरकार को कुटिल मंसूबों पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा की हार निश्चित है। अब तो जाहिर हो गया है कि भाजपा के लोग डंडे के दम पर चुनाव जीतना चाहते हैं। लेकिन खामियाजा भुगतने को तैयार रहें। सरकार सीबीआई तोता कब तक राम राम रटेगा।
आर पार की होगी लड़ाई
               जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण विजय केशरवानी ने बताया कि जब जनता ने ही फैसला कर लिया है तो बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाएगी। पीसीसी के फैसले के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उचित कदम उठाएंगे। सरकार की तानाशाही को बर्दास्त नहीं किया जाएगा। भूपेश बघेल की अगुवाई में गरीब किसान मजदूर,व्यापारियों.युवाओं की लड़ाई अंत तक लड़ेंगे। दरअसल भाजपा सरकार भूपेश से डर गयी है। जो डर गया वह मर गया। भाजपा के साथ ऐसा ही कुछ होने वाला है।
सामने आयी मुख्यमंत्री की बौखलाहट
                          जिला कांग्रेस महामंत्री अरविन्द शुक्ला ने कहा कि भूपेश बघेल की गिरफ्तारी से प्रदेश मुखिया की बौखलाहट सामने आ चुकी है। भूपेश बघेल पिछले चार सालो से सड़क से सदन तक आम जनता की जंग लड़ रहे हैं। उन्होने जब बारी बारी से सरकार की नाकामियों को सामने लाने लगे। तो प्रदेश सरकार की चूलें हिलने लगी। कभी कुछ विशेष नेताओं के इशारे पर जमीन मामले में निशाना बनाया गया तो कभी बोनस को लेकर परेशान किया गया। सरकार की नाकामियों को उठाने के बाद यह तो निश्चित था कि सरकार भूपेश को निशाना बनाएगी। लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम था कि यह फैसला उनके लिए आत्मघाती भी होेने वाला है। आगे क्या कुछ किया जाएगा…इसके लिए कल रायपुर में बैठक के बाद फैसला होगा।
               अभय नारायण राय ने बताया कि कल ज्यादा ज्यादा कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रायपुर पहुंचेंगे। बैठक में बड़े नेताओं के फैसले के बाद निर्देशो का पालन किया जाएगा। आज नेहरू चौक पर पुतला दहन के समय प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव,नरेंद्र बोलर,शेख नजरूदीन,राजेन्द्र शुक्ला,अरविन्द शुक्ला, सीमा पांडे,अनिता लव्हात्रे,धर्मेश शर्मा, प्रमोद नायक,शंकर कश्यप, अनूप कश्यप,समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
close