बिलासपुर—तखतपुर से जनता कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कौशिक ने आज समर्थकों के साथ रिटर्निंग अधिकारी बीएस उइके के कोर्ट में नामांकन पत्र जमा किया है। इस दौरान संतोष कौशिक के साथ परिजनों के अलावा समर्थक भी मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के बाद सतोष कौशिक ने मीडिया के सामने कांग्रेस और भाजपा पर एक साथ निशाना साधा। उन्होने कहा कि इस बार बसपा और जोगी कांग्रेस गठबंधन की सरकार को बनने से कोई रोक नहीं सकता है। हर तरफ परिवर्तन की मांग है। 11 दिसम्बर को जोगी की सरकार बनेगी। महिलाओं,मजदूरों, युवाओं समेत गरीबों और व्यापारियों को सामाजिक के साथ आर्थिक स्वतंत्रता मिलेगी।
संतोष कौशिक ने कहा कि लोग पिछले 15 सालों की भाजपा सरकार से तंग आ चुके हैं। गरीबों का जीना मुश्किल हो गया है। मजदूरों की हालत बद से बदतर है। लोग पलायन के लिए मजबूर हैं। प्रदेश के युवाओं की नौकरी को बाहरी लोगों के बीच़ बांटा जा रहा है। प्रदेश के संसाधनों को कौडियों के मोल बाहरी लोगों से समझौता किया जा रहा है। जल जंगल जमीन को कौड़ियों के मोल बेचा जा रहा है। महिलाएं असुरक्षित हैं। पूंजीपतियों का चारो तरफ बोलबाला है। नक्सल समस्या को जानबूझकर जिंदा रखा गया है।
संतोष कौशिक ने बताया कि नोटबंदी,जीसएसी ने देश की अर्थव्यवस्था को चरमरा कर रख दिया है। युवाओं को बेगार से बेरोजगार बना दिया गया है। जल्द ही जोगी की सरकार बनेगी। प्रदेश की नौकरियों पर सबसे पहले स्थानीय युवाओं का हक होगा। नक्सल समस्या को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा।
सवाल के जवाब में संतोष कौशिक ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में वंशवाद का बोलबाला है। प्रत्याशियों का टोंटा है। यही कारण है कि उनकी हार निश्चित है। किसान और हल निशान को जीत मिलेगी।