बिलासपुर—स्मार्ट और त्याग की बात करने वाला नगर निगम अमला कुछ ज्यादा ही स्मार्ट निकला। निगम दस्ते ने मसानगंज में रेन डांस पर जमकर पानी बहाया। प्रदेश में इस समय सूखे के हालात हैं लेकिन रविवार को शाम 8 बजे हजारों लीटर पानी..बिना मोल बहा दिया गया।
रविवार शाम 8 बजे कृष्ण भक्तों ने जमकर रेन डांस किया। मसानगंज के युवकों ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में निगम के सौजन्य से रेन डांस का जमकर आनंद उठाया। मटकी फोड़ने वाले युवकों पर पानी की फुहार छोड़कर निगम ने हजारों लीटर बरबाद किया है। एक तरफ प्रदेश में सूखे के हालात हैं। पेड़ पौधे अभी से मुरझाने लगे हैं। घरों में पानी नहीं पहुचने की शिकायत निगम को लगातार मिल रही है। दिशाहीन लोगों को समझाने के बजाय निगम का जल अमला रेन डांस के लिए टैंकर से पानी मुहैया करवा रहा है।
हो सकता है कि आयोजन समिति ने इसके लिए भुगतान भी किया हो। लेकिन ऐसी स्थिति में क्या निगम को समझ में नहीं आया कि जब पानी की त्राहि त्राहि होने वाली है ऐसे में चन्द पैसों के लिए हजारों लीटर पानी बहा देना कहां तक उचित है। फिलहाल इस मसले पर निगम के अपने तर्क हैं लेकिन सभी तर्क गले से उतरने के काबिल नहीं हैं।
हजारों लीटर पानी की बर्बादी को लेकर जन सामान्य ने निगम को जमकर आड़े हाथ लिया है। लोगों ने पानी की बरबादी को लेकर निगम की लानत मलानत की है। रेन डांस जैसे पाश्चात्य कल्चर को भी भला बुरा कहा है। लोगों का मानना है कि विलासपुर के हजारों घरों में निगम का पानी नहीं पहुंच रहा है। जहां कनेक्शन हैं वहां के लोगों को कई दिनों से नल से पानी आने का इंतजार है। शिकायत पर निगम प्रशासन का तर्क रहता है कि पानी की जितनी जरूरत हो उतना ही लिया जाए। ऐसे में रेन डांस में हजारो लीटर पानी की बर्बादी समझ से परे है। क्या निगम ऐसी ही सुविधा देकर शहर को स्मार्ट बनाना चाहता है।