निगम आयुक्त का सख्त निर्देश…गंदगी फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई..अरपा में दिनभर चलाया सफाई अभियान

BHASKAR MISHRA
बिलासपुर—नगर निगम आयुक्त सौमिल रंजन चौबे के निर्देश पर अरपा नदी स्थित रपटा पुल और आस पास के नदी किनारे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में शामिल नगर पालिक निगम और बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने शनिचरी बाजार रपटा पुल के पास अरपा नदी और आस-पास सफाई अभियान में भारी मात्रा में कचरे का ढेर इकठ्ठा कर दिया। इस दौरान प्रशासन ने लोगों से सफाई अभियान में सहयोग देने की अपील की। साथ ही नदी को साफ सुथरा रखने का आह्वान भी किया।
                     निगम आयुक्त सौमिल रंजन के विशेष दिशा निर्देश पर अरपा नदीं के आस पास और रपटा क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। सौमिल रंजन ने अभियान में निगम और बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को सख्त निर्देश देते हुए लोगों से अरपा को साफ सुथरा रखने की अपील भी की। संयुक्त टीम ने रपटा पुल के नीचे नदी से भारी मात्रा में अपशिष्ट पदार्थो को अलग किया। देखते ही देखते आस-पास का क्षेत्र काफी सुंदर दिखाई देने लगा।
                सफाई अभियान सुबह 7 बजे से शुरू होकर देर शाम तक चला। सफाई अभियान के दौरान मशीनों की सहायता से कचरों के अम्बार को निकाला गया। एकत्रित कचरे को निगम प्रशासन ने कछार स्थित प्लांट भेज दिया। इस बीच निगम अधिकारियों ने आस-पास के रहवासियों और व्यापारियों को नदी में गंदगी नहीं करने की समझाईश दी। भविष्य में ऐसा करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
               सफाई अभियान के दौरान निगम और स्मार्ट सिटी की टीम ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।  गंदगी के दुष्परिणामों की जानकारी भी दी। ।सफाई अभियान के स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी सोमशेखर विश्वकर्मा,सहायक अभियंता अनुपम तिवारी,मिशन के सहायक नोडल अधिकारी हर्षित आजमानी ,स्मार्ट सिटी लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर श्रीकांत नायर,सब इंजीनियर शिव गर्ग, सब इंजीनियर नितिश अमन साहू, पीआईयू आदर्श चतुर्वेदी समेत सफाई विभाग के कर्मचारी और सफाई कंपनी की टीम उपस्थित थी।
close