2 दिन बंद रहेंगी मदिरा दुकानें..कलेक्टर का आदेश…जिम्मेदारियों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस

BHASKAR MISHRA
3 Min Read
बिलासपुर—गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जायेगा। तैयारियों को लेकर कलेक्टर डाॅ. संजय अलंग ने बैठक में बताया कि अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया है। संपूर्ण समारोह की मानिटरिंग करने की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर बी.एस. उईके करेंगे। जिला शिक्षाधिकारी उइके का सहयोग करंगे।
                      एक बैठक में कलेक्टर अलंग ने अधिकारियों को गणतंंत्र दिवस कार्यक्रम की जिम्मेदारियों के बारे में बताया। अपर कलेक्टर बीएस उइके को संपूर्ण समारोह की जिम्मेदारी दी। साथ में जिला शिक्षाअधिकारी को सहयोग करने को कहा। उन्होने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कार्यक्रम में सम्मानपूर्वक लाने और ले जाने का जिम्मेदारी तहसीलदार बिलासपुर को होगी।
           कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक कार्यालय और महत्वपूर्ण भवनों में सुबह 7 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण और राष्ट्रगान किया जायेगा। इस दौरान संबंधित कार्यालय प्रमुख मौजूद रहेंगे। नगर के शैक्षणिक संस्थानों में सुबह 7 बजे ध्वजारोहण और प्रभातफेरी निकाली जायेगी। विभिन्न स्कूलों से प्रभातफेरी पुलिस ग्राउण्ड पहुंचेंगी। समारोह स्थल पर छात्र-छात्राओं को बैठाने की व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे। समारोह स्थल पर गुब्बारे की व्यवस्था जिला उद्योग केन्द्र, कबूतर की व्यवस्था पशु चिकित्सा विभाग और केन्द्रीय जेल, फूल की व्यवस्था उद्यानिकी विभाग करेगा।
                          मैदान की व्यवस्था, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, नगर निगम, सिंचाई विभाग और वन विभाग संभालेंगे। शामियाना और कुर्सी व्यवस्था नगर निगम बिलासपुर, ध्वनि विस्तार यंत्र की व्यवस्था पीडब्ल्यूडी विद्युत यांत्रिकी, पेयजल और फायरबिग्रेड की व्यवस्था नगर निगम, समारोह स्थल पर आवश्यक दवाईयां, चिकित्सक, एम्बुलेंस व्यवस्था सिविल सर्जन करेंगे।
                                           कलेक्टर ने कहा कि पुलिस ग्राउण्ड बिलासपुर में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। मुख्य अतिथि परेड की सलामी लेंगे। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में 24 जनवरी को सुबह 9 बजे अंतिम रिहर्सल किया जाएगा। समारोह स्थल पर पीटी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को लाने-लेजाने की व्यवस्था परिवहन विभाग की होगी। विभिन्न विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जायेंगी। झांकी की मानिटरिंग की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत की होगी। परेड, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेताओं को रनिंग शील्ड प्रदान किया जायेगा। जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ती पत्र दिया जायेगा। बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक मेरिट प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।
मदिरा दुकान बंद रखने का आदेश  
                      छत्तीसगढ़ शासन के आदेश पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस और 30 जनवरी को महात्मा गांधी निर्वाण दिवस पर मदिरा दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगे। दोनो तारीख को शासन ने शुष्क दिवस घोषित किया है। कलेक्टर ने दोनों तारीख को जिले की सभी देशी-विदेशी मदिरा दुकानों को पूरी तरह से बंद रखने का आदेश दिया है।
close