अबूझमाड़ के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं,क्षेत्र के विकास में नहीं होगी संसाधनों की कमी

Shri Mi
3 Min Read

नारायणपुर।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि अबूझमाड़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें अच्छे अवसर उपलब्ध कराने की। रामकृष्ण आश्रम इस काम को बहुत अच्छे ढंग से पूरा कर रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार अबूझमाड़ क्षेत्र के विकास और आश्रम के विकास में संसाधनों की कोई कमी नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में स्वामी विवेकानंद की 125 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

Join Our WhatsApp Group Join Now

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर की पूजा तो सभी करते है, लेकिन ईश्वर की सन्तान की सेवा कोई नहीं करता। स्वामी रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद ने इस उद्देश्य को लेकर नर-नारायण की सेवा की। यह कार्य आज भी समर्पण के साथ इस आश्रम द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य के उद्योग मंत्री कवासी लखमा, कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम और नारायणपुर विधायक चंदन कश्यप विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी ने स्वामी आत्मानंद जी से मुलाकात के दौरान कहा था कि अबूझमाड़ के लिए कुछ करना है। ताकि यहां के लोगों के जीवन में परिवर्तन लाया जा सके और यह काम सिर्फ रामकृष्ण आश्रम कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब इस आश्रम की शुरूआत साधु कुटी के रूप में हुई।

तत्कालीन समय में यहां के लोग नमक के बदले कीमती वनोपज चिरांेजी देते थे। आश्रम के लोगों ने अबूझमाड़ के लोगों को चिरांेजी का सही दाम दिलाने का काम प्रारंभ किया। एक समय था जब नारायणपुर आश्रम के पांचवी कक्षा के सात बच्चे बस्तर संभाग में टॉप में आए। लोगों ने मुझसे पूछा कि आठ क्यों नहीं आये तो मैने कहा कि आश्रम में सात बच्चे ही पढ़ते थे। आठवां होता तो वह भी टॉप में होता। बच्चों को अच्छी शिक्षा देने का काम नारायणपुर का यह आश्रम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने उस दौर में आश्रम का निर्माण, अस्पताल और सड़क बनती हुई देखी है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बताया कि उन्होंने आश्रम निर्माण में श्रमदान भी किया है। मुख्यमंत्री ने निर्माण के आर्किटेक्ट रेड्डी सदान और स्वामी के वाहन चालक हृदयनाथ के साथ उस दौर के डाक्टर को भी याद किया और कहा कि कोई सोच नहीं सकता था कि सूदूर अंचल अबूझमाड़ क्षेत्र के अस्पताल में किसी मरीज का आपरेशन हो सकता है लेकिन उस समय के डॉक्टर ने ऐसा करके दिखाया।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close