अंतिम समय में उलझे भाजपाई और कांग्रेसी…मामला थाने तक पहुंचा..दोनों पक्ष ने की शिकायत..बल प्रयोग के बाद हुए शांत

BHASKAR MISHRA
4 Min Read
बिलासपुर— एक कहावत तो लोगों ने सुनी ही होगी कि हाथी निकल गया..लेकिन पूंछ फंस गया। दिन भर शांतिपूर्ण मतदान के बाद अंतिम समय में अंबेडकर नगर स्कूल स्थित मतदान क्रमांक 93 में भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ा की सिविल लाइन तक मामला पहुंच गया। थाने में दोनों पक्षों में जमकर धक्का मुक्की हुई। अंत में पुलिस को लाठी घूमना पड़ा। तब की जाकर विवाद को नियंत्रित किया गया।
                         तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव  मतदान के दौरान अंतिम समय में बिलासपुर के एक मतदान केन्द्र में विवाद इतना बढ़ा कि मामला सिविल लाइन थाने तक पहुंच गया। मामला मगरपारा के अंंबेडकर स्कूल स्थित मतदान क्रमांक 93 का है।  शाम 5:00 बजे मतदान समय खत्म होने के बाद भाजपा कांग्रेस के बीच विवाद शुरू हो गया। दरअसल विवाद मतदान केंद्र के पास दो महिला के बीच का था। लेकिन देखते ही देखते विवाद झगड़ा में बदल गया। धीरे धीरे इसने राजनैतिक रंग ले लिया।
                बीच बचाव करने पहुंचे बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता के बीच विवाद ने जड़ जमा लिया। दोनों पक्षों में महिलाओं को मतदान करने को लेकर विवाद इतना बढ़ा की दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करने लगे। देखते ही देखते आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि बीच बचाव करने पहुंचे जब बड़े नेता अपने आप को झगड़े से अलग नहीं कर पाए।
                 लगभग आधा घंटा आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर सिविल लाइन थाना पहुंचे। थाना में भी भाजपा और कांग्रेस के नेता आपस में उलझ गए। इस दौरान दोनों गुटों मेंं जमकर धक्का मुक्की हुई। बीच-बचाव कर रहे पुलिसकर्मियों को भी झगड़ा नियंत्रित करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बाद भींड को नियंत्रित करने पुलिस को थोड़ी बहुत बल प्रयोग करना पडा। पुलिस की लाठी देखते ही दोनों पक्ष के नेता उल्टे पांव घर की तरफ भागे।
                 कुछ देर की शांति के बाद विवाद ने फिर जन्म ले लिया। विवाद अब तीन गुटों के बीच शुरू हुआ। कांग्रेस, भाजपा और पुलिस तीनों पक्ष आपस में एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे। तनाव बढ़ता देख पुलिस के आला अधिकारी दल बल समेत सिविल लाइन थाना पहुंच गए। अतिरिक्त बल के आने के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ। बावजूद इसके भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता इस दौरन  एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे।
            कांग्रेस नेताओं ने बताया कि महिलाओं ने पुरुष मतदाताओं के साथ गालीगलौच और मारपीट की है। वार्ड पार्षद तैय्यब ने बताया कि 12-13 महिलाएं एक व्यक्ति के साथ गाली गलौच कर रही थी। लगातार अपशब्द बकने के साथ मारपीट भी कर रही थीं। बीच बचाव करने गया महिलाओं ने उसके ऊपर भी हमला कर दिया। वहीं महिलाओं ने बताया कि वार्ड पार्षद तैय्यब हुसैन ने गलौज किया है। कपड़ा फाड़ा है उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायत लेकर महिलाओं को मुलाहिजा के लिए अस्पताल भेजा। तब कही जाकर मामला किसी तरह शांत हुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Share This Article
close