पेण्ड्रारोड के दफ्तरों में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, अधूरे रजिस्टर एक महीने में पूरा करने की हिदायत

Shri Mi
2 Min Read

बिलासपुर।कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने आज पेन्ड्रारोड में विभिन्न राजस्व न्यायालयों तथा कार्यालयों का वार्षिक निरीक्षण किया और वहां व्याप्त कमियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधूरी पंजियों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया।कलेक्टर डॉ. अलंग सबसे पहले अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के न्यायालय पहुंचे। उन्होंने रीडर कक्ष में विभिन्न फाइलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने राजस्व प्रकरण पंजी, अभिलेख पास बुक का अवलोकन किया और निराकृत राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली।

Join Our WhatsApp Group Join Now

उन्होंने भू-अर्जन के प्रकरणों से सम्बन्धित फाइलों को देखा और उनके बारे में जानकारी ली। जिन प्रकरणों में आदेश पारित किये गये हैं उनके बारे में जानकारी ली।

कलेक्टर ने धारा 170 (ख) के उन पुराने प्रकरणों के बारे में पूछताछ की जिनका निराकरण नहीं हुआ है। उन्होंने लम्बित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर की। इसी सिलसिले में उन्होंने तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

कलेक्टर डॉ. अलंग ने तहसील कार्यालय में डब्ल्यूबीएन (वासिल बाकी नवीस) शाखा का निरीक्षण किया। इस शाखा में विभिन्न पंजियों की ठीक तरह से संधारित नहीं किये गये थे और पंजी खाली थे। उन्होंने तहसीलदार पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी पंजियों को एक माह के भीतर संधारित करने का निर्देश दिया। इस मामले में तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया गया।

इसके पश्चात कलेक्टर ने उप-कोषालय तथा उप-पंजीयक कार्यालय में विभिन्न पंजियों का निरीक्षण किया। डॉ. अलंग ने अतिरिक्त कलेक्टर के न्यायालय का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां अर्थदंड पंजी, दायरा पंजी, सूचना पंजी, अभिलेख पास बुक, आरबीसी 6(4) के प्रकरण, राजस्व अपील पंजी, पुनरीक्षण पंजी आदि का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ अतिरिक्त कलेक्टर पेन्ड्रारोड वी. सी. साहू, संयुक्त कलेक्टर बिलासपुर एस.के. गुप्ता, एस.डी.एम. पेन्ड्रारोड मनोज कोसरिया आदि उपस्थित थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close