बिलासपुर—अरपा के संवर्धन और विकास के लिए 11 और 12 जून को जिला प्रशासन अरपा उत्थान अभियान चलाएगा। तैयारियों का जायजा लेने निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय अधिकारियों के साथ शनिवार को छठघाट पहुंचे। कमिश्नर ने तैयारी को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा के साथ ही जरूरी दिशा निर्देश भी दिया।
मालूम हो कि अरपा नदी के संवर्धन और विकास को लेकर शासन ने जनसहयोग से 11 और 12 जून को शासन ने अभियान चलाने का फैसला किया है। अरपा उत्थान अभियान का मुख्य आयोजन छठघाट पर किया जाएगा। इस दौरान जन सहयोग से अरपा नदी की सफाई की जाएगी। नदी किनारे व्यापक स्तर पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही जल संकट को देखते हुए लोगों को वाटर हार्वेस्टिंग के बारे में भी बताया जाएगा। स्वच्छता संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।
अभियान की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को निगम कमिश्नर पाण्डेय दल बल के साथ आयोजन स्थल छठघाट पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मिथिलेश अवस्थी, उपायुक्त खजांची कुम्हार, कार्यपालन यंत्री डी के शर्मा और पीके पंचायती समेत सहायक अभियंता सुरेश शर्मा भी मौजूद थे।
चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन
छठघाट में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अरपा नदी के संवर्धन को ध्यान में रखते हुए लोगों को जागरूक करने बच्चों के बीच चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। लोगों को बताना का प्रयास किया जाएगा। जल है तो कल है…अन्यथा जीवन खतरे में है।
नदी में मिट्टी देख आयुक्त नाराज
छठघाट कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे निगम कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने घाट के किनारे नदी में डंप देखते ही नाराजगी जाहिर की। मौके पर काम करा रहे एसईसीएल के इंजीनियर को बुलाकर जमकर फटकारा। मिट्टी को तत्काल हटाने का आदेश दिया। साथ ही इस बात को लेकर चेतावनी बी दी कि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति ना हो।