यातायात पुलिस का चलेगा डंडा…अभियान से पहले व्यापारियों के साथ बैठक…प्रभारी ने कहा..असहयोग करने पर होगी कार्रवाई

BHASKAR MISHRA
4 Min Read

बिलासपुर— बिलासागु़ड़ी में व्यापारियों के साथ यातायात पुलिस की बैठक हुई। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने व्यापारियों और यातायात पुलिस के बीच खुलकर चर्चा हुई। यातायात प्रभारी एडिश्नल एसपी इरफान ने कहा कि 29 जुलाई से यातायात बाधित करने वाले सभी प्रकार की गतिविधियों को दूर करने अभियान चलाया जाएगा। जरूरी है कि व्यापारी और आम  जनता का सहयोग मिले। यदि नियमानुसार हो रही कार्रवाई के दौरान किसी ने अड़चन बनने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में व्यापारियों के सामने अभियान के एजेन्डा और प्रमुख बिन्दुओं को विस्तार से रखा गया। एडिश्नल एसपी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई 20 जून 2018 के सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के निर्णयों के अनुसार होगी।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                      शनिवार को बिलासागुड़ी में यातायात पुलिस और नगर के पांचो यातायात थाना क्षेत्र के व्यापारी प्रमुखों की बैठक हुई। बैठक में यातायात पुलिस प्रमुख एडिश्नल एसपी इरफान ने पुलिस कप्तान के निर्देशों को सबके सामने रखा। इस दौरान खासकर लिंक रोड, कोतवाली, सरकण्डा, मंगला और तिफरा यातायात थाना क्षेत्र के व्यापारी प्रमुखों ने भी अपनी बातों को रखा।

                बैठक में निर्धारित एजेन्डा और प्रमुख बिन्दुओं पर चर्चा हुई। एडिश्नल एसपी ने बताया कि शहर आपका है…हम सबको मिलकर यातायात व्यवस्थां को बेहतर बनाना है। उम्मीद कि अभियान को सभी व्यापारी और सामान्य वर्गों का सहयोग मिलेगा। यातायात को दुरूस्त करने सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ 29 जुलाई से अभियान चलाया जाएगा। कार्रवाई 20 जून 2018 में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार होगी। अभियान से पहले पांचों थाना क्षेत्र के व्यापारी प्रमुखों से उम्मीद है कि अतिक्रमण के खिलाफ सहयोग करेंगे।

                  बैठक में व्यापारियों ने भी अपनी बातों को खुल कर रखा। इरफान ने बताया कि 29 जुलाई को सर्किट हाउस से मंगला चौक से होकर उस्लापुर ब्रिज तक यातायात पुलिस की टीम अतिक्रमण के खिलाफ जोरदार अभियान चलाएगी। इस दौरान नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता, काउकैचर वाहन, बाइक लिफ्टर का सहयोग लिया जाएगा। सड़क से लगे  फुटपाथ पर ठेला गुमटी लगाने वालों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। अभियान दस बजे शुरू होकर पांच बजे तक चलेगा।

                एडिश्नल एसपी ने बैठक में मौजूद व्यापारी प्रमुखों को बताया कि दुकानों के सामने होर्डिंग्स, पुतलों के अलावा अतिरिक्त निर्माण को कार्रवाई से पहले हटा लिया जाए। हमारा प्रयास है कि किसी को नुकसान ना हो। इसलिए अभियान से पहले मुनादी प्रक्रिया का भी पालन किया जाएगा। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए व्यापारी वर्ग का सहयोग बहुत जरूरी है। स्थानीय व्यापारी संघ संयुक्त प्रयास से व्यावसायिक परिसर के सामने कम से कम एक सीसीटीवी कैमरा जरूर लगाएं। लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि कैमरा 45 डिग्री में सड़क की तरफ हों।

                              यातायात एडिश्नल एसपी ने यह भी बताया कि प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रि 11 से सुबह सात बजे तक वाहनों में और दिन में दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक लोडिंग अनलोडिंग के लिए परिवहन को छूट मिलेगी। छोटा अरपा पुल से सभी प्रकार के माल वाहन का परिवहन प्रतिबंधित रहेगा।

close