झीरम काण्डः कर्मा और पटेल के ड्रायवर का प्रतिपरीक्षण..चीका वाजपेयी से भी पूछताछ….चार लोगों को सम्मन जारी

BHASKAR MISHRA

बिलासपुर— झीरम हत्याकाण्ड मामले को लेकर आज विशेष न्यायालय में प्रतिपरीक्षण सुनवाई हुई। जस्टिस प्रशान्त मिश्रा के सामने महेन्द्र कर्मा और नन्दकुमार पटेल के ड्रायवर रह चुके दीपक वर्मा का प्रतिपरीक्षण किया गया। कांग्रेस नेता डॉ.विवेक वाजपेयी ऊर्फ चीका ने शपथ पत्र पेश कर जांच में लापरवाही का आरोप लगाया।

                        झीरम हत्याकाण्ड विशेष न्यायालय में आज दीपक वर्मा और विवेक वाजपेयी का प्रतिपरीक्षण हुआ। दीपक वर्मा ने प्रतिपरीक्षण में बताया कि वह महेन्द्र कर्मा का ड्रायवर था। इसके पहले उसने तात्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष नन्दकुमार पटेल का भी ड्रायवर रह चुका है। दीपक वर्मा ने इस दौरान झीरम काण्ड से जुड़े एक एक सवालों का जवाब दिया। साथ ही सुरक्षा से लेकर व्यवस्था की बारी बारी से जानकारी भी दी।

             कोर्ट के सामने वर्तमान प्रदेश कांग्रेस सचिव और तात्कालीन समय परिवर्तन यात्रा में शामिल डॉ.विवेक वाजपेयी ने शपथ पेश कर सवालों का जवाब दिया। शासन के खिलाफ घोर लापरवाही का आरोप भी लगाया। विवेक वाजपेयी ने कहा कि परिवर्तन यात्रा से पहले तात्कीलन भाजपा सरकार की यात्रा भी निकली थी। उस दौरान उस रास्ते में सब कुछ ठीक ठाक था। लेकिन परिवर्तन यात्रा में कांग्रेस के बड़े नेताओं के शामिल होने बाद भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। वाजपेयी ने बताया कि एनआईए ने घटना क्रम की जांच तो कही है। लेकिन षड़यंत्र को लेकर कोई जांच पड़ताल नहीं की है।

                      शपथ पत्र में वाजपेयी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक हुई है। इसलिए इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि षड़यंत्र हुआ है। प्रारंभिक रिपोर्ट में षडयंत्र की बात को शामिल किया गया था। बावजूद इसके ना तो जांच हुई। और बांद में इस बिन्दु को हटा भी दिया गया।

              आज कोर्ट में राजनांदगांव विधायक देवेन्द्र यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितीन त्रिवेदी, शिव सुन्दर और नोडल अधिकारी पी.सुन्दरम का भी प्रति परीक्षण होना था। उपस्थित नहीं होने पर चारों के खिलाफ कोर्ट ने सम्मन जारी कर उपस्थित होने को कहा है। झीरम काण्ड प्रतिपरीक्षण की सुनवाई अब 10 और 11 अक्टबूर को होगी।

close