सुकमा में चार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण,महिला समेत पांच लाख का इनामी भी शामिल

Shri Mi
1 Min Read

सुकमा।छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में दो महिला नक्सलियों समेत चार नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है।सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज यहां बताया कि तीन इनामी नक्सलियों समेत चार नक्सलियों ने आज माओवादियों की खोखली विचारधारा और हिंसा से तंग आकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में से एक महिला नक्सली माड़वी गंगी केरलापाल क्षेत्र में दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन की मुखिया थी।

उन्होंने बताया कि गंगी वर्ष 2006 में माओवादी संगठन में शामिल हुई थी। वह क्षेत्र में कई नक्सली घटनाओं में शामिल रही है। उसके ऊपर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो अन्य आत्मसमर्पित नक्सली कुड़ामी गंगा और मड़काम हुंगी हैं। कुड़ामी गंगा पेदरास एलओएस का सदस्य था तथा हुंगी कोंटा एलओएस की सदस्य थी। दोनों के सर पर एक एक लाख रुपये का इनाम है।

वहीं एक अन्य नक्सली सदस्य सोढ़ी जोगा ने भी पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्समर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ दिया जाएगा।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close