छठ महापर्व…प्रात:कालीन अर्घ्‍य के साथ छठ महापर्व संपन्‍न…घर लौटे श्रद्धालु- राज्यपाल और सीएम ने दी बधाई

BHASKAR MISHRA
6 Min Read

बिलासपुर—गुरुवार को शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व का रविवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने साथ समापन हुआ। बिलासपुर में अरपा नदी के तट पर बने स्थायी छठघाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। आस्था में चूर श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर छठमाता से संतान,देश,प्रदेश और समाज की सुरक्षा का आशीर्वाद लिया। 

Join Our WhatsApp Group Join Now

                      जन आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का रविवार को सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्‍य देने के साथ समापन हुआ। इसके पहले शनिवार को व्रतियों ने डूबते सूरज को अर्घ्य देकर सुख सम्पन्नता की मनोकामना के साथ अर्घ्य दिया था। इसके एक दिन पहले यानि गुरुवार को नहाय-खाय और शुक्रवार को खरना की पूजा हुई थी। 

छठ के अंतिम दिन मनोकामना के साथ भक्तों का सैलाब

                       अरपा तट पर अल सुबह से ही छठब्रतियों के अलावा श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिला। लोग मनोकामना लेकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ प्रणाम करने पहुंचे। भक्तों में से किसी ने मनौती पूरा होने पर छठ घाट पर दंड प्रणाम किया तो किसी ने उम्मीदों को पूरा करने भगवान सूर्य से आशीर्वाद लिया। अरपा तट पर व्रती विभिन्न मनोकामनाओं के साथ दंड प्रणाम करते हुए दिखाई दिए। 

पुण्य लाभ कमाने राजनेता भी पहुंचे

               अरपा तट स्थित छठघाट पर भगवान सूर्य को प्रणाम करने के साथ पुण्य लाभ कमाने राजनेता और जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। राजनेताओं ने भी भगवान भास्कर को प्रणाम कर अर्घ्य दिया। व्रतियों से आशीर्वाद लिया। स्थानीय विधायक शैलेश पाण्डेय और बेलतरा विधायक रजनीश सिंह अपने साथियों के साथ घाट पहुंचकर व्रतियों की भावनाओं को नमन किया। भगवान सूर्य से सभी की मनोकामना पूरी करने का आशीर्वाद मांगा।

व्रतियों ने दिया अर्घ्‍य..श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

                    अरपा तट किनारे कमर तक पानी और सीढियों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ देखते ही बनी। सभी ने कतार बद्ध होकर भगवान भास्कर और माता छठ को अर्घ्य के साथ नमन किया। जीवन में खुशहाली की कामना करते हुए सर्वजन हिताय..सर्वजन सुखाया का आशीर्वाद लिया। इस दौरान व्रति परिवार के सदस्य भी खड़े दिखाई दिए।

गूंजता रहा छठगीत…देखा गया देशभक्ति का नजारा

                हजारों की संख्या में अरपा तट पर एकत्रित श्रद्धालुओं और व्रतियों में जमकर उत्साह देखने को मिला। माइक से गूंजने वाला छठगीत लोगों के दिल और दिमाग पर गजब का जादू करता हुआ दिखाई दिया। श्रद्धालु भी छठमाता और देशभक्ति के गीत गुनगुनाते हुए देखे गए। घाट पर चारो तरफ व्रतियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

                            इस दौरान जनसामान्य में भी छठ को लेकर जबरदस्त उत्‍साह दिखआई दी। हर जगह  गूंज रहे छठ के पारंपरिक गीत ने लोगों को भाव विभोर कर दिया। इस दौरान ढोल ताशे भी बजते नजर आए। पानी में तैरते दीप ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सड़क से घाट तक जनसैलाब

               छठ घाट से लेकर छठ घाट की तरफ आने वाली सभी सड़कों पर जनसैलाब देखने को मिला। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पुलिस की व्यवस्था काबिले तारीफ नजर आयी। किसी को किसी प्रकार की तकलीफ का सामना नही करना पड़े ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्‍यवस्‍था को चाक चौबन्द रखा गया।

लोगों ने किया सूर्य उगने का इंतजार

                     यद्यपि व्रति और श्रद्धालुओं का सुबह 4 बजे के पहले से ही छठघाट आना शुरू हो गया। लेकिन आसमान साफ नहीं होने के कारण भगवान सूर्य को निकलने में थोड़ी देरी लगी। बावजूद इसके श्रद्घालुओं ने भगवान भास्कर के दिखने का इंतजार किया। जैसे ही सूरज आसमान में दिखाई दिया..छठ घाट से उठे  जयघोष ने शहर को आस्था के आगोश में ले लिया। कुछ व्रतियों ने जो शहर के बाहर से आए थे उन्होने शनिवार को डूबते सूरज को अर्घ्य देने के बाद घाट पर रात गुजारी।

घाट पर सुरक्षा के इंतजाम

              प्रात:कालीन अर्घ्‍य के लिए छठ व्रतियों की घाट पर जमकर भीड़ दिखी। घाट पर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। असुरक्षित और खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षित बनाया गया था। इस दौरान प्रशासन ने गोताखोरों के भी इंतजार किए थे। 

सड़क से घाट तक भव्य सजावट और सफाई

                 पूजा समिति ने घाट को भव्‍य तरीकेे सजाया था। सड़कों से लेकर घाटों तक सफाई देखने को मिली। बदलती जीवन शैली में श्रद्धालुओं ने भी सफाई की तरफ विशेष ध्यान रखा। लोगों को सफाई व्यवस्था को कायम रखने का संदेश भी दिया। घाट और पुल को आयोजन समिति ने दुल्हन की तरह सजाया था। दूर से ही लोग सजावट देखकर खुश नजर आए।

सीएम और राज्यपाल ने दी बधाई

                       प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल और राज्यपाल अनुसुइया उइके ने छठ महापर्व की लोगों को बधाई दी है।  मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि असत्य पर सत्य की जीत और प्रकाश की ओर गमन का नाम छठ महापर्व है। प्रदेश वासियों को छठपर्व की बधाई ।

close