बिलासपुर— भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने पूर्व कांग्रेस नेता परसराम भारद्वाज के निवास स्थान पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परसराम भारद्वाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दलित समाज और गरीबों के हितों को ध्यान में रखने वाले नेता को हमने खोया है। इस स्थान को कभी भरा नहीं जा सकता है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने परसराम भारद्वाज के निधन पर गहरा दुख जाहिर किया है। कौशिक ने आज जांजगीर चांपा जिले के खरौद में परसराम के निवास स्थान पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किया । इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारद्वाज जन नेता थे। उनका दिल हमेशा गांव गरीब और सर्वहारा वर्ग के लिए धड़कता था। उनके पास एक लम्बा संसदीय अनुभव था। इसका फायदा क्षेत्र की जनता को हमेशा मिला।
धरमलाल ने कहा कि परसराम ने दलित समाज के सम्मान के लिए हमेशा प्रयासरत रहे। आज उसका फायदा दलित समाज को सम्मान के रूप में हासिल हुआ है। परसराम के निधन से प्रदेश ने एक बहुत बड़ा नेता अपने बीच से खोया है। उसकी पूर्ति संभव नहीं है।
कौशिक ने कहा कि 6 बार सांसद रह चुके परसराम जमीन से जुड़े नेता थे। उनके अनुभवों का फायदा ना केवल कांग्रेस बल्कि अन्य पार्टियों को भी मिलता रहा है। उन्होंने दलित समाज को ऊंचाई दी है। इतना ही नहीं अपने संसदीय काल में उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए बहुत कुछ किया। जिसे कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है।