अंबिकापुर एग्री. साइंस सेन्टर को नेशनल अवा्र्ड

Chief Editor
3 Min Read

agri.

Join Our WhatsApp Group Join Now

रायपुर । केन्द्रीय कृषि मंत्रालय से सम्बद्ध भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया है। यह  पुरस्कार वर्ष 2014 के लिए उत्कृष्ट कार्यों पर प्रदान किया गया है। कृषि विज्ञान केन्द्र अम्बिकापुर का संचालन राजधानी स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है।प्रदेश  के राज्यपाल बलराम जी दास टंडन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और प्रदेश के कृषि मंत्री  बृजमोहन अग्रवाल ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राज्य के किसानों के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्र अम्बिकापुर और कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के वैज्ञानिकों और अधिकारियों – कर्मचारियों को बधाई दी है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री  राधामोहन सिंह ने बिहार की राजधानी पटना में आयोजित कृषि विज्ञान केन्द्रों की दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में अम्बिकापुर के कृषि विज्ञान केन्द्र को जोन-7 के अंतर्गत उत्कृष्ट कृषि विज्ञान केन्द्र पुरस्कार 2014 से सम्मानित किया। समारोह का आयोजन पटना के श्रीकृष्णा मेमोरियल हाल में 25-26 जुलाई  को किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति डॉ. एस.के. पाटील, आंचलिक परियोजना निदेशालय, जोन-7 के निदेशक डॉ. अनुपम मिश्रा, निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एम.बी. ठाकुर तथा कृषि विज्ञान केन्द्र अंबिकापुर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आरके मिश्रा ने पुरस्कार ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि कृषि विज्ञान केन्द्र अम्बिकापुर का संचालन आदिवासी बहुल सरगुजा जिले में पिछले 20 वर्षों से किया जा रहा है। इस केन्द्र को खेती-किसानी के उन्नत तकनीक को खेतों तक पहुंचाने तथा किसान को आधुनिक ढंग से खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने इस संबंध में बताया है कि कृषि विज्ञान केन्द्र अंबिकापुर द्वारा सरगुजा क्षेत्र की परम्परागत खेती-किसानी में नई तकनीक का उपयोग कर खेती-किसानी को लाभदायक बनाने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की गई है। किसानों को कृषि प्रक्षेत्र भ्रमण, फसल प्रदर्शन, किसान मेला, किसान संगोष्ठी तथा खेती से जुड़े अन्य काम-धंधों का प्रशिक्षण देकर उनका कौशल विकास किया गया। सरगुजा जिले में कृषि विकास से जुड़े विभिन्न शासकीय और अशासकीय संस्थाओं का कृषि विज्ञान केन्द्र से बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों के हित में कार्य किए गए।

close