ऑक्सीजोन का रायपुर मॉडल पूरे देश के लिए अनुकरणीय-केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन

Shri Mi
3 Min Read

रायपुर।केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 19 एकड़ के रकबे में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन के मॉडल की तारीफ की है और कहा है कि रायपुर का यह ऑक्सीजोन शहरी पर्यावरण के संरक्षण की दृष्टि से पूरे देश के लिए एक अनुकरणीय मॉडल होगा। डॉ. हर्षवर्धन ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा आयोजित चार दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के प्रमुख औद्योगिक शहरों में पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों को सुरूचिपूर्ण तरीके से प्रदर्शित किया गया है।

डॉ. हर्षवर्धन ने इन उपायों की भी तारीफ की और इसके लिए पर्यावरण संरक्षण मंडल सहित छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा यह चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रदर्शनी विश्व पर्यावरण दिवस ( पांच जून) के उपलक्ष्य में आयोजित की गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इस महीने की पांच तारीख को विशेष रूप से इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, आवास एवं पर्यावरण मंत्री राजेश मूणत तथा विभाग के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए किए जा रहे उपायों और अब तक प्राप्त सफलताओं को भी प्रदर्शित किया गया है। प्लास्टिक प्रदूषण सहित जल और वायु प्रदूषण की रोकथाम के उपाय भी इनमें शामिल हैं।

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के भारत माता अंग्रेजी माध्यम स्कूल के बच्चों ने महात्मा गांधी की वेशभूषा धारण कर पर्यावरण संरक्षण के लिए गांधी जी के विचारों की जीवंत प्रस्तुति दी।  प्रदर्शनी के समापन कार्यक्रम में पांच जून को छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव अजय सिंह और आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव संजय शुक्ला भी शामिल होंगे। शुभारंभ समारोह में आज छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी ए.पी. सावंत ने केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन को प्रदर्शनी का अवलोकन करवाया। इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close