चक्रधर समारोह से छत्तीसगढ़ को देश-विदेश में मिली पहचान-रमन

Shri Mi
2 Min Read

2818-Bरायगढ़।मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार रात शास्त्रीय नृत्य और संगीत के 32वें अखिल भारतीय आयोजन  ’चक्रधर समारोह’ का शुभारंभ किया। उन्होंने जिला मुख्यालय रायगढ़ के रामलीला मैदान में समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा- कला, साहित्य और संगीत की इस नगरी में चक्रधर समारोह के लगातार 32 वर्षों से हो रहे इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ को देश-विदेश में एक नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। इस आयोजन में सम्मिलित होकर कलाकार स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

                                        मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में राजा चक्रधर सिंह के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राजा साहब ने अपना सम्पूर्ण जीवन कला साधना के लिए समर्पित कर दिया और नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित कर उन्हें आगे बढ़ाया। डॉ. सिंह ने कहा-राजा चक्रधर सिंह ने शास्त्रीय नृत्य कथक की रायगढ़ शैली का विकास किया, जिसे देश के कला जगत में ’रायगढ़ घराना’ के नाम से पहचाना जाता है।

                                     मुख्यमंत्री ने राजा चक्रधर सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने आयोजन में अपनी प्रस्तुति देने के लिए आए कलाकारों का अभिनंदन किया और समारोह की सफलता की कामना की। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रायगढ़ में राजा चक्रधर सिंह के नाम पर ’चक्रधर कला केन्द्र’ की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र में नृत्य और संगीत के नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस केन्द्र की स्थापना के लिए आवश्यक पदों की भी स्वीकृति प्रदान कर दी।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close