दन्तेवाड़ा में वृक्षारोपण महाभियान की हुई शुरुआत,CM भूपेश बघेल की माताजी स्वर्गीया बिंदेश्वरी बघेल की स्मृति में बनेगा आक्सीवन

Shri Mi
3 Min Read

दंतेवाड़ा।जिला मुख्यालय में वृक्षारोपण महाभियान की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की माताजी स्वर्गीया बिंदेश्वरी बघेल की स्मृति में विकसित किये जाने वाले आक्सीवन में कलेक्टर  टोपेश्वर वर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव, डीएफओ रमेश जांगड़े सहित जिला पंचायत अध्यक्ष कमला विनय नाग, पूर्व विधायक देवती महेन्द्र कर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण किया।इस मौके पर कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने सर्वप्रथम मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की माताजी स्वर्गीया बिंदेश्वरी बघेल की स्मृति में पीपल का पौधरोपण किया। वहीं अन्य अधिकारियों जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने मौलश्री, आंवला, सिसु, आम, नीम, पीपल, कदम, कटहल इत्यादि प्रजाति के लगभग 1000 पौधों का पौधरोपण किया।सीजीवाल डॉटकॉम के व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

Join Our WhatsApp Group Join Now

इस मौके पर कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने बताया कि शासन की मंशानुसार जिला मुख्यालय में आक्सीवन बनाने का निर्णय लिया गया है। इस आक्सीवन को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की माताजी स्वर्गीया बिंदेश्वरी बघेल की स्मृति में विकसित किया जायेगा। आक्सीवन में आक्सीजन देने वाले बरगद, पीपल, नीम इत्यादि प्रजाति के पौधों का रोपण किया जायेगा। कलेक्टर ने जिले के सभी लोगों को वृक्षारोपण महाभियान में सहभागिता निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक सन्तुलन के लिए पौधरोपण करने सहित उसे वृक्ष बनाने समुचित देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेवें। इस दिशा में अधिक से अधिक पौधरोपण कर पृथ्वी को हरा-भरा रखने के लिये सहभागिता निभायें।

इस 15 हेक्टेयर रकबे के आक्सीवन में 9300 पौधे लगाये जायेंगे, जिसमें आक्सीजन उत्सर्जित करने वाले प्रजाति के पौधों को अधिक से अधिक रोपित किया जायेगा। आक्सीवन को पार्क के रूप में विकसित किया जायेगा,ताकि इस आक्सीवन में नागरिक सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने आ सकें तथा लोगोें को शुद्व वायु मिल सकें। उन्होंने बताया कि दन्तेवाड़ा की भांति बचेली में भी 10 हेक्टेयर रकबे में आक्सीवन विकसित किया जायेगा। इस हेतु जगह का चयन कर वृक्षारोपण के लिये तैयारी की जा रही है।

डीएफओ ने बताया कि जिले में वृक्षारोपण महाभियान के अंतर्गत कुल 95 हेक्टेयर रकबा में करीब 93 हजार 500 पौधे रोपित किये जायेंगे। जिसमें खाली जगहों सहित सरकारी कार्यालय परिसरों के अलावा स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र,पंचायत भवन परिसर इत्यादि के साथ ही वनों के बीच खाली स्थानों में वृक्षारोपण किया जायेगा। इसके साथ ही क्षतिपूर्ति योजनान्तर्गत जिले के विभिन्न ईलाकों में वृक्षारोपण किया जायेगा।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close