फोटोग्राफी प्रतियोगिता में दीपेन्द्र सोनी प्रथम

Chief Editor
3 Min Read

dipendra

Join Our WhatsApp Group Join Now

रायपुर ।  कृषि मंत्री  बृजमोहन अग्रवाल ने  मंगलवार को  यहां प्रेस क्लब में स्वर्गीय  बसंत दीवान स्मृति फोटोग्राफी प्रतियोगिता 2014 के विजेता प्रेस फोटोग्राफरों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता तीन वर्गों क्रमशः समाचार आधारित विषय, खेल और संस्कृति विषय पर आयोजित की गयी।

श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने संक्षिप्त उदबोधन में प्रसिद्ध फोटोग्राफर, साहित्यकार और कवि स्वर्गीय  बसंत दीवान की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय  बसंत दीवान एक व्यक्ति नहीं, एक संस्था थे। उनका बहुआयामी व्यक्तित्व हमें उनकी याद दिलाता रहेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि हर विषय पर बेबाकी से अपनी बात रखना उनकी खासियत थी। स्वर्गीय श्री दीवान सशरीर हमारे बीच मौजूद नहीं है, परन्तु उनके रचनात्मक कार्य हमेशा उनकी याद दिलाते रहेंगे। श्री अग्रवाल ने स्वर्गीय श्री दीवान की स्मृति में फोटोग्राफी प्रतियोगिता शुरू करने के लिए प्रेस क्लब की विशेष रूप से सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब रायपुर के अध्यक्ष  अनिल पुसदकर ने किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के महासचिव  संदीप पुराणिक, संयुक्त सचिव द्वय  सुखनंदन बंजारे,  मोहन तिवारी, प्रेस क्लब बिलासपुर के उपाध्यक्ष  सत्यप्रकाश पाण्डेय, स्वर्गीय  बसंत दीवान के पुत्र  मलय दीवान सहित प्रेस क्लब रायपुर के सदस्य उपस्थित थे।
समाचार आधारित फोटोग्राफी प्रतियोगिता वर्ग में दीपेन्द्र सोनी प्रथम,  विनय घाटगे, और  राजीव सोनकर संयुक्त रूप से द्वितीय तथा  नरेन्द्र बंगाले तृतीय स्थान पर रहे। इस वर्ग में  हेमन्त गोस्वामी,  राजेश जंघेल,  अजय साहू,  संतोष साहू और  दीपक पाण्डेय को विशेष पुरस्कार दिया गया। खेल विषय वर्ग की प्रतियोगिता में  भूपेश केशरवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।  दीपेश और  नरेन्द्र बंगाले संयुक्त रूप से द्वितीय पुरस्कार के विजेता बने। इस वर्ग में  सागर फरिकार को तीसरा पुरस्कार दिया गया। इसी वर्ग में  जावेद खान,  राजेश जंघेल,  विनय घाटगे,  दिनेश यदु और  विजय देवांगन को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।

संस्कृति विषय पर आधारित प्रतियोगिता में  पिन्टू ने प्रथम,  मनोज देवांगन द्वितीय तथा  राजेश जंघेल ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। इस वर्ग में विशेष पुरस्कार  हेमन्त गोस्वामी,  संतोष तिवारी,  विमल मिंज, मनोज साहू और  जावेद खान को दिया गया।

 

close