रामदेव कुमावत बने जिला भाजपा अध्यक्ष….. सर्वसम्मति से फैसला… अमर – धरम ने दी बधाई

Chief Editor
4 Min Read

बिलासपुर । बुधवार को करबला स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने सर्व सम्मति से जिला भाजपा महामंत्री रामदेव कुमावत को जिला अध्यक्ष के रूप में चुन लिया है। कार्यकर्ताओं के बीच चुनाव अधिकारी छगन मूंदड़ा ने रामदेव कुमावत के नाम का एलान किया। जिला अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही लोगो तालिया बजाकर स्वागत किया।
     इसके पहले निवर्तमान जिला भाजपा अध्यक्ष बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से जिला अध्यक्ष के लिए रामदेव कुमावत के नाम पर समर्थन मांगा। उपस्थित सभी लोगों ने हाथ उठाकर स्वागत किया। तालियों से खुशी जाहिर की उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए रजनीश सिंह ने कहा कि 4 साल तक भारतीय जनता पार्टी का जिला अध्यक्ष रहते हुए कार्यकर्ताओं का भरपूर समर्थन मिला।
    संभव है कि इस दौरान कुछ साथियो को किन्ही कारणो से दुख पहुंचा हो। इसके लिए हाथ जोडकर माफी मांगता हूं।  सच्चाई तो यह है कि मैने कभी भी दिल से किसी को दुख देने को लेकर सोचा भी नही।इस दौरान मुझे कार्यकर्ताओं का भरपूर समर्थन मिला। उम्मीद है कि नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष को कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलेगा।
    चुनाव अधिकारी छगन मूंदड़ा ने कार्यकर्ताओ को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत के नाम का ऐलान किया । मूंदड़ा ने बताया कि  कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से प्रदेश कमेटी के लिए 7 नाम दिए हैं । बिलासपुर से अमर अग्रवाल बेलतरा से रजनीश सिंह मस्तूरी से डॉक्टर कृष्णमूर्ति बांधी कोटा से काशी साहू तखतपुर से हर्षिता पांडे बिल्हा से घनश्याम कौशिक और मरवाही विधानसभा से अर्चना पोर्ते का नाम प्रदेश कमेटी को सबाकी सहमति से भेजा गया है।
     उपस्थित लोगों को प्रदेश निकाय चुनाव प्रभारी अमर अग्रवाल ने भी संबोधित किया।अमर अग्रवाल ने कहा  कि प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी बिलासपुर को आदर्श जिले के रूप में देखा जाता है। यहां कभी भी ऐसी स्थिति नहीं बनी की जिला अध्यक्ष चुनाव को लेकर किसी प्रकार का तनाव पैदा हुआ हो। आज से पहले भी रजनीश सिंह राजा पांडे हो या भूपेंद्र सवन्नी सभी लोग सर्व सम्मत से ही भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बने ।इसी कड़ी में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मिलकर मात्र 5 मिनट के अंदर जिलाध्यक्ष के नाम का फैसला किया। 
 सर्व सम्मत से रामदेव कुमावत का नाम जिला अध्यक्ष के लिए सामने आया। अमर ने कहा आने वाले 4 महीने बहुत संघर्ष के हैं ।निकाय चुनाव होने वाले हैं। पंचायत चुनाव होने वाले हैं । सभी लोगों को मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर वर्तमान जिलाध्यक्ष के साथ चलना होगा। ना केवल चुनाव लड़ना है बल्कि परिणाम भी देना होगा 
उपस्थित लोगों को विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया ।उन्होंने बताया कि बिलासपुर संगठन की नजर में सबसे आदर्श जिला है। आज चुनाव के दौरान इस बात का फैसला  हो चुका है। रामदेव कुमावत के नेतृत्व में हम निकाय और पंचायत चुनाव लड़ेंगे ।संगठन की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित भी करेंगे इस दौरान किशोर राय ,चुनाव पर्यवेक्षक सुरेंद्र पाटले ,पूर्व अध्यक्ष राजा पांडे ,महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडे, नगर निगम सभापति अशोक विधानी, जिला भाजपा महामंत्री घनश्याम कौशिक, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Join Our WhatsApp Group Join Now
close