उपचुनाव:अमर अग्रवाल बोले-मज़बूत मरवाही के लिये मिलेगा हमें जनादेश

Chief Editor
3 Min Read

गौरेला।भारतीय जनता पार्टी ने मरवाही विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान को अपने पक्ष में जनादेश बताते हुए दावा किया है कि मतदान के रूझान से साफ़ हो गया है कि इस बार लगभग दो साल के कांग्रेस शासनकाल की कार्यप्रणाली के प्रति मतदाताओं के रोष और विकास के लिए परिवर्तन की जनाकांक्षा भाजपा की जीत के रूप में पूरी मुखरता के साथ व्यक्त होगी। भाजपा नेताओं ने लोकतंत्र के इस महोत्सव में उत्साहपूर्वक भागीदारी के लिए क्षेत्र के सभी मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया है।पूर्व मंत्री व भाजपा चुनाव प्रभारी अमर अग्रवाल ने कहा कि मरवाही की जनता ने हमें जनादेश देने का फैसला ले लिया है। मज़बूत मरवाही के लिये हमें ही जनादेश मिलेगा। हम भारी अंतर से कांग्रेस के कुनीतियों को पराजित करेंगे। श्री अग्रवाल ने कहा कि मरवाही में जनबल और सत्ताबल के बीच लड़ाई थी, जिसमें भाजपा की जीत तय है।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कांग्रेस पूरे चुनाव में सरकारी तंत्र का गलत इस्तेमाल कर मरवाही की जनता की भावना के विरुद्ध काम कर रही थी। जनता ने कांग्रेस को अपना क़रारा ज़वाब अपनी लोकतांत्रिक शक्ति का उपयोग करके दे दिया है और इसका प्रकटीकरण 10 नवम्बर को हो जाएगा। चुनाव का परिणाम भाजपा के पक्ष में होगा। श्री अग्रवाल ने मरवाही के सभी मतदाताओं व पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों सहित प्रमुख सभी नेताओं के प्रति आभार मानते हुए कहा कि देवतुल्य कर्मयोगी कार्यकर्त्ताओं के अथक परिश्रम से हम मरवाही विजय कर रहे हैं। चुनाव सह प्रभारी व प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि जनता ने हमें मरवाही के बदलाव के लिये समर्थन किया है। मरवाही की समग्र विकास के लिये हमारी जीत सुनिश्चित है। उन्होंने सभी से मिले प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग के लिये आभार व्यक्त किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल व महामंत्री रामजी श्रीवास व डॉ.शिवप्रताप राय ने  भी आभार माना है।

भाजपा प्रत्याशी डॉ.सिंह ने किया मतदान
मरवाही विस उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. गंभीर सिंह ने अपने ग्राम लटकोनी के मतदान केन्द्र 138 में सुबह नौ बजे मतदान  किया। डॉ. सिंह ने कहा कि हमें मरवाही की जनता  से जिस प्रकार का समर्थन मिला है, उससे हमारी जीत सुनिश्चित है। इसके लिये उन्होंने सभी मतदाताओं का आभार माना है। डॉ. सिंह ने पार्टी के सभी स्टार प्रचारकों, कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों सहित मीडिया व सभी सहयोग के लिए धन्यवाद प्रेषित किया है।

close