जोगी चाहे सोना बाटें…फिर भी नहीं बनेगी सरकार…उन्हें भी मालूम है…बृजमोहन

BHASKAR MISHRA
5 Min Read

BRIJMOHANबिलासपुर— छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज माफी का सवाल ही नहीं उठता है। प्रदेश के किसान खुशहाल है। मध्यप्रदेश के  किसानों को कुछ शरारती लोग उत्तेजित कर रहे हैं। समर्थन मूल्य केन्द्र सरकार के परामर्श के बाद तय किया जाता है। जोगी के भाग्य से छीका नहीं टूटने वाला है। चाहे वह एक एक किलो सोना बांटे…जोगी की सरकार नहीं बनने वाली है। भाजपा को विधानसभा चुनाव में 65 प्लस का स्कोर करना है। हमारा मुकाबला कांग्रेस या जोगी से नहीं बल्कि खुद भाजपा से है। यह बातें जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                                              पत्रकारों से चर्चा करते हुए जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मानसून ठीक रहेगा। प्रदेश के किसान खुशहाल हैं। बृजमोहन ने बताया कि किसानों को खाद बीज की कोई समस्या नहीं होगी। सिंगल लाक में खाद बीज का वितरण किया जाएगा। सोसायटियों में पर्याप्त भण्डारण कर दिया गया है। सरकार माइक्रो इरिगेशन की स्कीम लाने वाली है।प्रदेश के किसान अब धान का तीन फसल ले सकेंगे। ड्रिप और स्प्रिंकलर से धान की सिंचाई होगी। भरपूर पैदावार भी होगी।  प्रधानमंत्री के सपनो को प्रदेश में साकार किया जाएगा। किसानों को 2022 तक दोगुना आय होगी। बृजमोहन ने बताया कि अब किसानों को सोसायटी से ही दलहलन किट का वितरण किया जाएगा।

                       प्रधानमंत्र्री फसल बीमा के सवाल पर बृजमोहन ने कहा कि फसल बीमा मुआवजा नहीं गारंटी है। पिछले साल 11 लाख किसानों को 6 सौ करोड़ का इश्योरेंस क्लेम दिया गया। जबकि 160 करोड का ही बीमा हुआ था। मंत्री ने कहा कि फसल इंश्यूरेंस से किसानों का भविष्य सुरक्षित हुआ है।पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि लोगों को बताएं कि यह बीमा है मुआवजा नहीं।

                             एक सवाल के जवाब में बृजमोहन ने कहा कि यहां के किसानों पर बहुत ज्यादा कर्ज नहीं है। साठ से सत्तर प्रतिशत किसानआसानी से पटाते है। इसमें सीमान्त किसान भी शामिल हैं। सरकार भी किसान हितैषी है। जीरो प्रतिशत पर व्याज दिया जाता है। किसानों साढे सात हजार यूनिट बिजली मुफ्त में मिलती है। पम्प कनेक्शन में एक लाख की सब्सिडी है। पम्प खरीदने और खुदाने में भी सब्सिडी है। प्रदेश में किसानों को लागत में नाम मात्र का खर्च करना होता है। राज्य बनने के समय मात्र 50 हजार पम्प थे। अब चार लाख से ज्यादा  है। बीजेपी की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ के किसानों की आर्थिक स्थिति  ठीक है। प्रदेश का किसान कभी 5 क्विंटल धान बेचता था। अब 40 क्विंटल धान बेचता है।

                  विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला किससे है के सवाल पर बृजमोहन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पिछले परफार्मेंस को ध्यान में रखकर चुनाव लड़ेगी। हमारा लक्ष्य 65 के अंक को पार करना है। हमारी लड़ाई अपने परफार्मेंस से है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की बातों को साकार किया जाएगा। जल संसाधन मंत्री ने कहा कि हमारे लिए चुनौती भी हम हैं…और अवसर भी हम ही हैं।

                              समर्थन मूल्य के सवाल पर बृजमोहन ने कहा कि घोषणा पत्र को ध्यान से नहीं पढ़ा गया। केन्द्र से धान का समर्थन मूल्य 21 सौ करने की मांग की गयी है। लगातार पत्र भी लिख रहे हैं। केन्द्र सरकार के निर्णय के बाद किसानों को 21 सौ रूपए समर्थन दिया जाएगा।

                   जोगी ने संकल्प लिया है कि सरकार बनते ही किसानों को 2500 रूपए समर्थन देंगे। बृजमोहन ने कहा कि बिल्ली के भाग्य से छीका नहीं टूटने वाला…। जोगी को मालूम है कि उनकी सरकार नहीं बनने वाली  है…2500 रूपये देने का सवाल ही नहीं उठता है। जोगी एक एक किलो सोना बांटने का एलान कर सकते हैं।

                      जैजेपुर नगरपंचायत में भाजपा की हार पर बृजमोहन ने बोला…छोटे चुनाव में ऐसा होता है। किसानों के आंदोलन पर बृजमोहन ने बताया कि कुछ लोग किसानों को उत्तेजित कर रहे हैं। किसानों को सारी बातें समझ में आ रही है। गोलीकाण्ड भी उसी का हिस्सा है। लालकृष्ण आडवाणी वेटिंग इन प्रेसिडेन्ट के सवाल पर बृजमोहन ने कहा कि रामनाद कोविद विद्वान नेता है। प्रत्याशी चुनाव का निर्णय राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का है।

close