शुरू हुआ महीने भर तक चलने वाला सामाजिक आर्थिक सर्वे अभियान,Bilaspur कलेक्टर ने किया दौरा

Shri Mi
3 Min Read

बिलासपुर/मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण का शुभारंभ किए जाने के साथ ही  जिले में भी 909 प्रगणक टीमों द्वारा सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। महीने भर का यह अभियान आगामी 30 अप्रैल तक चलेगा। कलेक्टर सौरभकुमार ने इस सिलसिले में आज मस्तुरी ब्लॉक के ग्राम वेद परसदा व लावर का दौरा कर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को सर्वे टीमों द्वारा पूछे गए सवालों की सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। भावी विकास के कार्य और योजनाओं के निर्माण में सर्वे में एकत्र जानकारी का उपयोग किया जायेगा।

Join Our WhatsApp Group Join Now

कलेक्टर श्री सौरभकुमार ने निरीक्षण के दौरान वेदपरसदा और लावर में सर्वे टीम को घर घर पहुंचकर ठीक तरीके से सर्वे करने को कहा। कोई भी परिवार सर्वे से छूटना नहीं चाहिए। यदि कहीं पर कोई परेशानी हो तो अपने सुपरवाइजर अथवा जनपद पंचायत के सीईओ से समाधान कर सकते हैं। यह राज्य सरकार की समयसीमा में पूर्ण होने वाला सर्वाेच्च प्राथमिकता का एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने वेदपरसदा में संचालित रीपा गतिविधियों का भी अवलोकन किया।

उन्होंने इन ग्रामों में युवाओं से चर्चा कर बेरोजगारी भत्ता योजना की भी जानकारी दी। गौरतलब है कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक प्रगणक दल आज से काम शुरू कर दिए हैं। जिसमें एक महिला सदस्य एवं एक पुरूष सदस्य शामिल हैं, जो घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। सर्वे में मुख्य रूप से परिवार के मुखिया से जुड़ी बुनियादी जानकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी, राशन कार्ड, धान विक्रय, नरेगा जॉब कार्ड, परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी, समस्त स्त्रोतों से परिवार की आमदनी, आयकर दाता, परिवार की भूमि, आवास है या नहीं, आवास एवं शौचालय की जानकारी, निराश्रित परिवार, सिंचाई साधन, वाहन एवं अन्य सामग्री, घरेलु ईंधन की व्यवस्था, कुकिंग गैस, कौशल प्रशिक्षण एवं विद्युत कनेक्शन सहित अन्य जानकारी प्राप्त की जाएगी।

प्राप्त डाटा का एप्प के माध्यम से सर्वे स्थल पर ऑनलाइन या ऑफलाइन एंट्री की जाएगी। सर्वेक्षण का कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण कराया जाना है। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का जनसामान्य के जीवन पर प्रभाव का आकलन कर प्राप्त जानकारी का उपयोग भविष्य में योजनाओं के बेहतर क्रियान्यवन तथा नई योजनाओं के निर्माण हेतु किया जायेगा। इस अवसर पर एसडीएम श्री महेश शर्मा, सीईओ श्री लहरे भी उपस्थित थे।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close