मोदी ने किया ट्वीट, की छत्तीसगढ़ की तारीफ

cgwallmanager
3 Min Read

businessरायपुर। नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की है। इस बार उन्होंने निवेशकों को सुगमता से व्यापार शुरू करने का अवसर देने के लिए ’ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की अवधारणा  पर सराहनीय कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ का विशेष रूप से उल्लेख किया है।
श्री मोदी ने नई दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित एक सम्मेलन में कहा कि देश में औद्योगिक विकास के लिए तेजी से काफी अच्छा वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि आम तौर पर देश के जिन राज्यों को अनदेखा कर दिया जाता है, उन राज्यों ने ’ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में अच्छा प्रदर्शन किया है। इनमें छत्तीसगढ़, ओडि़शा और झारखण्ड शामिल है। श्री मोदी ने सम्मेलन के बाद अपने ट्विटर एकाउंट (पीएमओ इंडिया) में इस आशय का ट्वीट भी किया है।

             
Join Whatsapp Groupयहाँ क्लिक करे

                                   मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने श्री मोदी के इस उत्साहवर्धक बयान पर उन्हें धन्यवाद दिया है। उल्लेखनीय है कि विश्व बैंक सहित भारत सरकार के औद्योगिक विकास एवं प्रोत्साहन विभाग द्वारा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के मूल्यांकन के लिए भारत के 32 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों का सर्वेक्षण कराया गया था। श्रेणीकरण में केवल सात राज्यों को 50 प्रतिशत से 75 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए, इनमें छत्तीसगढ़ राज्य को ’महत्वाकांक्षी नेतृत्व’ की श्रेणी में चौथा स्थान प्राप्त हुआ। अन्य मापदण्डों में छत्तीसगढ़ को श्रम कानूनों से संबंधित नियमों के क्रियान्वयन में दूसरा स्थान, सुगमता से व्यापार शुरू करने की दिशा में तीसरा स्थान, व्यापार के क्षेत्र में विभिन्न सरकारी निरीक्षणों में चौथा स्थान और विभिन्न करारों के अनुपालन में भी चौथा स्थान प्राप्त हुआ है।

                              उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य की आकर्षक औद्योगिक नीति के सफल क्रियान्वयन के फलस्वरूप पिछले साल एक लाख 60 हजार करोड़ रूपए के पूंजी निवेश के प्रस्ताव केन्द्र में दाखिल हुए और इसमें छत्तीसगढ़ पहले नम्बर पर रहा। ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अभी दो दिन पहले इस महीने की दो तारीख को नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के दौरान भी छत्तीसगढ़ की प्रगति के लिए हो रहे प्रयासों और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के मासिक रेडियो कार्यक्रम ’रमन के गोठ’ की तारीफ की थी।

close