नेशनल गेम में बिलासपुर भी होगा मेजबान

Chief Editor
3 Min Read

olympic

Join Our WhatsApp Group Join Now

         बिलासपुर । वर्ष 2017 के दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाले 37वें नेशनल गेम्स अंतर्गत कुछ खेल बिलासपुर में भी आयोजित किये जाने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में सोमवार को  भारतीय ओलम्पिक संघ नई दिल्ली के 4 सदस्यों ने संभागायुक्त  सोनमणि बोरा से मुलाकात कर खेल आयोजन हेतु जरूरी सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। 

भारतीय ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने आज सुबह रायपुर में मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह से मुलाकात की थी। उनके निर्देश पर बिलासपुर आये थे। इसके पश्चात् वे भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव का भी दौरा करेंगे। बिलासपुर में उन्होंने बहतराई के अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम और खेल परिसर सरकण्डा को भी देखा। उन्होंने बताया कि नेशनल गेम्स के तहत् बिलासपुर में 3 इन्डोर गेम और 2 आउटडोर गेम आयोजित किया जा सकता है। संभावित खेलों में जिम्नास्टिक, बाॅस्केटबाल, रकबी, वुशु, एथलेटिक्स, तालवारबाजी खेल शामिल हैं। इन खेलों में लगभग 4 हजार खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। खिलाडि़यों के लिए आवास, परिवहन, सुरक्षा, भोजन आदि जरूरी व्यवस्थाओं का इंतजाम किया जाना है। इस सिलसिलें में उन्होंने संभागायुक्त से चर्चा की।

बिलासपुर में हाउसिंग बोर्ड के खाली पड़े भवनों, हाॅटल की पर्याप्त व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उक्त खेल आयोजन में क्लीन एवं ग्रीन सिटी की अवधारणा को भी ध्यान में रखा जाना है, जिसके अनुरूप तैयारी की जानी है। संघ के सदस्यों ने बताया कि खेल आयोजन हेतु प्रारंभिक सर्वें किया जा रहा है तथा छत्तीसगढ़ में नेशनल गेम्स आयोजन के लिए पर्याप्त इन्फ्रास्ट्रक्चर है, केवल उनका रीनोवेशन करना होगा। श्री बोरा ने बिलासपुर में उपलब्ध खेल सुविधाओं की जानकारी उन्हें दी। श्री बोरा ने कहा कि बिलासपुर में जिन खेलों का आयोजन किया जाना है इस संबंध में अंतिम निर्णय होने के पश्चात् उनके अनुरूप व्यवस्था एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जायेंगे।

चर्चा के दौरान कलेक्टर अन्बलगन पी., भारतीय ओलम्पिक संघ के सदस्य बलबीर सिंह कुशवाहा, डाॅ.एस.एस.बाली, मुकेश कुमार, सुरेश शर्मा सहित राज्य ओलम्पिक संघ के सदस्य तथा विभिन्न खेल संघों के सदस्य उपस्थित थे।

close