धान खरीदी-बिलासपुर की 6 विधानसभा सीटों पर 13 जनवरी को BJP का धरना प्रदर्शन

Shri Mi
3 Min Read

बिलासपुर।धान खरीदी में अव्यवस्था बारदाने की कमी और रकबा काटने के विरोध में भाजपा 13 और 22 जनवरी को किसानों के साथ मिल कर राज्य सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी। बिलासपुर जिले के 6 विधानसभा सीटों पर 13 जनवरी और जिला मुख्यालय बिलासपुर में 22 जनवरी को धरना प्रदर्शन होगा, जिसकी तैयारियों के लिए आज 8 जनवरी शुक्रवार को दोपहर 2 बजे भाजपा कार्यालय बिलासपुर में जिला संगठन प्रभारी मोतीलाल साहू की उपस्थिति में जिले के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों की बैठक होगी।भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने कहा है कि कांग्रेस सरकार ने धान खरीदी की व्यवस्था ध्वस्त कर दी है। राज्य में कांग्रेस सरकार का जन्म ही झूठ से हुआ है। जिस किसानों की वजह से कांग्रेस सत्ता में आई, वही सबसे ज्यादा परेशान है।

केन्द्र सरकार एफसीआई के लिए धान खरीदी करती है और राज्य सरकार उसकी इकाई होती है। केन्द्र ने 9 हजार करोड़ रूपए दिए है। राज्य सरकार ने जान-बूझकर कम धान खरीदने के लिए देर से बारदाने का ऑर्डर दिया। अब केन्द्र सरकार को दोषी ठहरा रहे है। किसान 25-30 रूपए में बोरा खरीद कर ले जा रहे है। उसके बदले सिर्फ 14 रूपए दिए जा रहे है। यहीं नहीं 40 किलों के एक बोरे में डेढ़ से दो किलों अतिरिक्त धान लिया जा रहा है। नतीजा किसानों को एक एकड़ में 1400 रूपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

श्री कुमावत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की धान खरीदी की विफलताओं के खिलाफ बिलासपुर जिले में 13 जनवरी को बिलासपुर जिले की विधानसभा बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, बेलतरा, तखतपुर, कोटा में भाजपा कार्यकर्ता किसानों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगे, जिसकी तैयारियों के लिए जिला संगठन प्रभारी मोतीलाल साहू आज 8 जनवरी को भाजपा कार्यालय बिलासपुर में बैठक लेंगे, बैठक में छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद अरूण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी, मस्तूरी विधायक डॉ.कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, कांशी साहू, हर्षिता पाण्डेय सहित प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा जिला पदाधिकारी, मोर्चा के जिलाध्यक्ष महामंत्री, भाजपा मंडल अध्यक्ष महामंत्री उपस्थित रहेंगे।

बैठक पश्चात भाजपा जिला संगठन प्रभारी मोतीलाल साहू सायं 4 बजे पत्रकारवार्ता करेंगे। 8 जनवरी की बैठक के दिशा निर्देश एवं निर्णयों के पालन में 9 जनवरी को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर 13 जनवरी के धरना प्रदर्शन की रूप रेखा बनाई जायेगी, जिससे सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश भाजपा की कार्य योजना अनुसार धरना प्रदर्शन का आयोजन प्रभावी तरीके से सम्पन्न हो सके।

By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close