महंगाई को लेकर फ्लाइट में स्मृति ईरानी और कांग्रेस नेत्री के बीच हुई नोक- झोंक, वायरल VIDEO पर मिले यह रिएक्शन

Shri Mi
4 Min Read

दिल्ली।केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) और कांग्रेस महिला मोर्चा के अध्यक्ष नेटा डिसूजा (Neta D’souza) के बीच महंगाई के मुद्दे को लेकर फ्लाइट में ही नोकझोंक हो गई। नेटा डिसूजा द्वारा सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर किए जाने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को लेकर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। वहीं कांग्रेस के नेता बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

वीडियो में क्या है? : नेटा डिसूजा द्वारा शेयर किए गए वीडियो में दिख रहा है कि स्मृति ईरानी से जब नेटा डिसूजा महंगाई के विषय पर सवाल पूछती हैं तो केंद्रीय मंत्री अपने फोन से वीडियो रिकॉर्ड करते हुए कहती है कि मेरा रास्ता रोक रही हैं। इसी बीच जब रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर सवाल किया जाता है तो उन्होंने कहा कि प्लीज झूठ मत बोलिए। बता दें कि यह घटना दिल्ली – गुवाहाटी फ्लाइट में सफर के दौरान घटित हुई।

कांग्रेस नेत्री ने वीडियो शेयर कर कही यह बात : नेटा डिसूजा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि गुवाहाटी की फ्लाइट में स्मृति ईरानी जी से सामना हुआ। रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों पर सुनिए उनके जवाब। महंगाई का ठीकरा, वे किन-किन चीजों पर फोड़ रही हैं। जनता पूछे सवाल, स्मृति जी दें टाल। वीडियो के अंशों में जरूर देखिए, मोदी सरकार की सच्चाई।

कांग्रेस नेता ने स्मृति ईरानी पर कसा तंज : कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने स्मृति ईरानी पर तंज कसते हुए लिखा, ‘वो चाहता ही नहीं था, तुझे
लाजवाब करना। सौ-सौ जवाब थे, तेरे एक-एक सवाल के। नरेंद्र मोदी जी, बहुत जद्दोजहद के बाद आपके मंत्री जवाब दे पा रहे हैं। ये कैसे मुक़ाम पर देश आ गया? ग़रीब कैसे जिंदा रहे, जवाब ना मिला, लेकिन एक और सवाल आ गया!

लोगों की प्रतिक्रियाएं : राजीव निगम नाम के ट्विटर यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि कभी सिलेंडर को कंधे पर उठा लेने वाली मैडम को देखिए। आज गैस सिलेंडर का नाम सुनकर क्या हो गया। फिल्म मेकर विनोद कापड़ी ने लिखा कि एयरलाइंस में बैन होने के लिए तैयार हो जाइए नेटा डिसूजा.. इस सरकार के पास हर सवाल के लिए ऐसे ही जवाब हैं।

रणविजय सिंह नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि महंगाई पर स्मृति ईरानी कुछ भी बोलने से बचती रहीं। कांग्रेस की सरकार के वक्त स्मृति महंगाई को लेकर काफी मुखर रहीं। गैस सिलेंडर के साथ उनकी कई तस्वीरें भी हैं। सुरेश सिंह नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं कि मोदी के मंत्रियों को गैस सिलेंडर का बिल भी दिखा दिया जाएगा तो कहेंगे कि झूठ बोल रहे हो।

Share This Article
By Shri Mi
Follow:
पत्रकारिता में 8 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ राजनैतिक खबरों पर पैनी नजर
close