विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

Chief Editor
8 Min Read

भोपाल।मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनावों के लिए आज सुबह सात बजे सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान प्रारंभ हो गया, जो शाम छह बजे तक चलेगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मतदान 9 हजार 361 मतदान केन्द्रों पर प्रारंभ हुआ और 63 लाख 67 हजार से अधिक मतदाता कोविड संबंधी सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए मतदान कर सकेंगे। मतों की गणना 10 नवम्बर को संबंधित विधानसभा क्षेत्र या जिला मुख्यालय पर होगी।उपचुनाव में कुल 355 उम्मीदवारों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है, जिनमें 12 मंत्री भी शामिल हैं। मतदान के लिये 13 हजार 115 बैलेट यूनिट, 13 हजार 115 कंट्रोल यूनिट एवं 14 हजार 50 वीवीपेट जिलों में उपलब्ध कराई गई हैं।

Join Our WhatsApp Group Join Now

मतदान शुरू होने से 90 मिनिट पहले उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मॉकपोल भी हुआ। उपचुनाव में 9 हजार 361 मतदान केन्द्रों के लिये इतने ही मतदान दलों की व्यवस्था की गई है। साथ ही 30 प्रतिशत मतदान दलों को रिजर्व के रूप में रखा गया है।सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। पुलिस, मजिस्ट्रेट, मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। कोविड-19 से बचाव की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान के बाद ईव्हीएम स्ट्रॉंग रूम में लाई जायेंगी। केन्द्रीय प्रेक्षक की उपस्थिति में वीडियोग्राफी करते हुए ईव्हीएम मशीनों को सील किया जायेगा।

स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा व्यवस्था सीआरपीएफ के हवाले रहेगी। स्ट्रॉग रूम के पास सीसीटीवी, वीडियोग्राफी की व्यवस्था रहेगी। कोई भी बाहरी व्यक्ति वहां प्रवेश नहीं कर सकेगा। निर्वाचन में कुल 3 हजार 38 क्रिटिकल मतदान केन्द्र एवं 358 वल्नरेबल हेमलेट्स चिन्हित किए गए हैं।राज्य में जौरा, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व, डबरा, भांडेर, करैरा, पोहरी, बामोरी, अशोकनगर, मुंगावली, सुरखी, मलहरा, अनूपपुर, सांची, ब्यावरा, आगर, हाटपिपल्या, मांधाता, नेपानगर, बदनावर, सांवेर और सुवासरास विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान प्रारंभ हुआ। इनमें से 16 सीट ग्वालियर चंबल अंचल से हैं।
कुल 28 सीटों में से 25 पर संबंधित विधायकों के त्यागपत्र और 03 अन्य पर संबंधित विधायकों के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है। इन 28 सीटों में से 27 पर कांग्रेस का और एकमात्र आगर सीट पर भाजपा का कब्जा था।

दो सौ तीस सदस्यीय राज्य विधानसभा में वर्तमान में 201 विधायक हैं। इनमें से भाजपा के 107, कांग्रेस के 87, बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। कुल 29 सीट रिक्त हैं, जिनमें से 28 सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। दमोह सीट हाल ही में कांग्रेस विधायक राहुल सिंह के हाल ही में विधायक पद से त्यागपत्र देने के कारण रिक्त हुयी है।

उपचुनाव में राज्य के 12 मंत्रियों और कुछ पूर्व मंत्रियों की प्रतिष्ठा भी दाव पर लगी है। पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट (भाजपा, सांवेर) और गोविंद सिंह राजपूत (भाजपा, सुरखी) की किस्मत आज इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद हो जाएगी। इसके अलावा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी (सांची), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एदल सिंह कंसाना (सुमावली), कृषि राज्य मंत्री गिर्राज डंडोतिया (दिमनी), सहकारिता राज्य मंत्री ओपीएस भदोरिया(मेहगांव), ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर (ग्वालियर), महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी (डबरा) और लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ (पोहरी) की प्रतिष्ठा भी दाव पर है।

राज्य में सत्तारूढ़ दल भाजपा सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया(बामोरी), बृजेंद्र सिंह यादव (मुंगावली), बिसाहूलाल सिंह (अनूपपुर), राजवर्धन सिंह दत्तीगांव (बदनावर) और हरदीप सिंह डंग (सुवासरा) से चुनाव मैदान में हैं। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह बौद्ध बसपा के टिकट पर भांडेर से चुनाव मैदान में हैं। वे पूर्ववर्ती दिग्विजय सिंह सरकार में गृह मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा भांडेर से इस बार कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर बसपा के पूर्व प्रदेश प्रमुख फूल सिंह बरैया भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बामोरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मंत्री कन्हैयालाल अग्रवाल भी कांटे की टक्कर में हैं। वे पूर्ववर्ती शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा प्रबंधों के बीच उपचुनाव के लिए मंगलवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम छह बजे तक चलेगा। विधानसभा की सात सीटों पर हो रहे उपचुनाव में 24.34 लाख मतदाता 88 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। उप चुनाव में कुल 3655 मतदेय स्थल तथा 1754 मतदान केन्द्र बनाये गये है।मुख्य निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि विधानसभा की सात सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। उप चुनाव में 24.34 लाख (2434368) मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 13.03 लाख (1303898) पुरूष, 11.30 लाख (1130340) महिला तथा 130 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। उप चुनाव में कुल 88 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसमें नौ महिला प्रत्याशी हैं।

उन्होंने बताया उपचुनाव में उत्तर प्रदेश विधानसभा की अमरोहा जिले की (40) नौगावां सादात, बुलंदशहर जिले की (65) बुलंदशहर, फिरोजाबाद जिले की (95) टूण्डला (अ0जा0), उन्नाव जिले की (162) बांगरमऊ, कानपुर नगर जिले की (218) घाटमपुर (अ0जा0), देवरियों जिले की (337) सदर, तथा जौनपुर जिले की (367) मल्हनी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है।सूत्रों ने बताया कि आयोग ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिये व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। कोविड-19 के मद्देनजर मतदान दिवस को मतदान कार्मिकों एवं मतदाताओं की सुरक्षा के लिये थर्मल स्कैनर, हैण्ड सैनीटाइजर, ग्लव्स, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है। मतदेय स्थल पर प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। मतदाताओं की सुविधा के लिये वोटर गाइड का भी वितरण किया गया। वोटर गाइड में कोविड-19 से सम्बन्धित डूज एण्ड डोण्ट्स का भी उल्लेख किया गया है।

मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा सात सामान्य प्रेक्षक तथा सात व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं। इसके अतिरिक्त 301 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 46 जोनल मजिस्ट्रेट, 76 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 333 माइको ऑब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि उप चुनाव में मतदान के लिए 5127 ईवीएम की कन्ट्रोल यूनिट, 6710 बैलट यूनिट तथा 5492 वी०वी०पैट तैयार किये गये हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई है। किटिकल बूथों पर सतर्क दृष्टि रखने के लिये 371 बूथों पर वेबकास्टिंग भी कराई जा रही है. मतों की गणना 10 नवम्बर को संबंधित विधानसभा क्षेत्र या जिला मुख्यालय पर होगी।

close