जांजगीर में पकड़ाया 20 लाख रूपयों की ठगी का आरोपी..मकान बनाने का दिया था झांसा…फिर रूपया लौटाने से किया इंकार

BHASKAR MISHRA
2 Min Read
बिलासपुर—- पुलिस ने करीब बीस लाख रूपयों की ठगी के फरार आरोपी को जांजगीर से गिरफ्तार कर कोर्ट के हवाले किया है। आरोपी ने जमीन बिक्री कर मकान बनाकर देने के लिए करीब 20 लाख रूपया लिया। लेकिन आरोपी ने ना तो मकान बनाकर दिया। और ना ही रूपया ही लौटाया। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी अतुल परिवहार को आईपीसी की धारा 420 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
 सरकन्डा थानेदार ने बताया कि रतनपुर करैहापारा निवासी सूरज कुमार घोष ने 30 सितम्बर 2022 को ठगी का रिपोर्ट दर्ज कराया। पीड़ित ने बताया कि साल 2019 में जोरापारा निवासी अतुल परिहार से मुलाकात हुई। जानकारी हुई कि अतुल मकान बनाकर बेचने का व्यवसाय करता है। बातचीत के दौरान अतुल ने 3 BHK मकान बनाकर 28,00,000 रूपए में दिए जाने की बात कही।
पीड़ित ने बताया कि नगद और बैंक से लोन लेकर कुल 19,80,000 रूपए अतुल परिहार को दिया। अतुल परिहार ने  अरविन्द नगर निवासी अपनी चाची संतोषी परिहार  की 760 वर्गफिट उसकी मां के नाम पर किया और मकान बनाकर देने का वादा भी किया। 
कुछ दिनों बाद आरोपी अतुल ने कहा कि वह मकान बनाकर नहीं देगा। विरोध करने पर आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि जो करना है कर लो। लेकिन वह मकान बनाकर नहीं देगा।  सरकन्डा थानेदार ने बताया कि शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। आरोपी की पतासाजी शुरू हुई। जानकारी मिली कि आरोपी रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फरार हो गया है।
 साइबर सेल के सहयोग से जानकारी मिली कि आरोपी इस समय जांजगीर में छिपा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना किया गया। घेराबन्दी कर आरोपी को जांजगीर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
close