

बिलासपुर।बिलासपुर के चर्चित हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी की हत्या के मामले में पकड़े गए 7 आरोपियो को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया।इनमें से मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड कपिल त्रिपाठी को अदालत ने 22 दिसंबर की शाम 4:00 बजे तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।5 दिन पूर्व सकरी थाना क्षेत्र में मुख्य सड़क पर कुख्यात अपराधी और पूर्व कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उसके ही सगे भाई और पिता समेत कई रिश्तेदार और उनके सहयोगी गिरफ्तार हुए हैं। संजू उर्फ प्राणनाथ त्रिपाठी के अत्याचार से तंग होकर इन लोगों ने उत्तर प्रदेश के 5 शूटर को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। जिसमे 5 लाख रुपये एडवांस दिया गया था।
सोमवार को कपिल त्रिपाठी,प्रेम श्रीवास,सुमित निर्मलकर,अमन गुप्ता, जयनारायण त्रिपाठी, और सुचित्रा दत्तक पुत्री को कोर्ट में पेश किया गया शेष आरोपियों को पुलिस पकड़ कर ला रही है।संजू त्रिपाठी की हत्या के आरोप में पकड़े गए जय नारायण त्रिपाठी, कपिल त्रिपाठी, जीजा भरत तिवारी, भरत तिवारी के भांजे और भतीजे आशीष तिवारी, रवि तिवारी, इनके सहयोगी प्रेम श्रीवास, अमन गुप्ता, राजेंद्र सिंह ठाकुर के अलावा संजू ठाकुर की मुंह बोली बहन और कपिल की पत्नी सुतित्रा त्रिपाठी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
हत्या को अंजाम देने के बाद कपिल त्रिपाठी और उसके कुछ सहयोगी नेपाल भागने की तैयारी में थे। इसकी व्यवस्था कपिल की पत्नी ने की थी । पुलिस की भी कोशिश थी कि नेपाल भागने से पहले आरोपियों को पकड़ लिया जाए, क्योंकि एक बार बॉर्डर पार करने के बाद उन्हें पकड़ पाना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाता। पुलिस ने अपनी पूरी ताकत लगाई और उसे सफलता भी मिली। पता चला कि काफी समय से यह लोग संजू त्रिपाठी की हत्या करना चाहते थे। पहले भी एक दो बार प्रयास किया गया था लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। लेकिन 14 दिसंबर को अंततः सफलता हाथ लगी। संवाताल के फार्म हाउस से लौट रहे संजू त्रिपाठी की कार को सकरी ओवर ब्रिज के नीचे घेरकर उस पर दोनों तरफ से फायरिंग की गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी इधर-उधर भाग गए ।