CG NEWS:कोरबा में अमित शाह बोले- 2024 से पहले नक्सलवाद की चपेट से मुक्त होगा देश

Chief Editor
5 Min Read

CG NEWS :कोरबा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा और 2024 की लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी के अभियान की शुरुआत एक रैली के साथ की। जिसमें उन्होंने छत्तीसगढ़ के लोगों का आह्वान किया कि 2024 में नरेंद्र मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाना है तो 2023 में छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने वादा किया कि 2024 से पहले देश को नक्सलवाद की चपेट से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की मौजूदा कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए  ।

Join Our WhatsApp Group Join Now

अमित शाह ने अपना भाषण शुरू करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर भाजपा ने इस इलाके के लोगों को शासन करने का मौका दिया। प्रदेश में 15 साल तक सरकार चलाते हुए विकास के कई काम किए। इसी तरह आजादी के बाद आदिवासी समाज के विकास और सम्मान के लिए भी कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने इस सिलसिले में राष्ट्रपति पद पर आदिवासी समाज की द्रौपदी मुर्मू के चयन का भी उल्लेख किया। साथ ही बताया कि केंद्र की सरकार ने आदिवासियों के लिए बजट में बढ़ोतरी की है। अमित शाह का भाषण चुनावी भाषण कहा जा सकता है। इसमें उन्होंने खुद कहा कि कोरबा की यह रैली 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए है। लेकिन यह 2023 और 24 दोनों की तैयारी है। 2024 में अगर नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है तो छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से इस बारे में पूछा भी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की मौजूदा सरकार लूट – खसोट में लगी हुई है । उनकी पाई पाई का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने डबल इंजन की सरकार का भी जिक्र किया। अमित शाह बोले की विकास की गति एक गाड़ी से नहीं चलती। विकास को रफ्तार देने के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2023 में भाजपा छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी तो जो भी कमियां हैं उसे पूरा करेंगे। अमित शाह ने लोगों का आह्वान  करते समय 2024 में केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की बात कही । लेकिन छत्तीसगढ़ में 2023 में बीजेपी की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में किसी का नाम नहीं लिया । बल्कि यह कहा कि छत्तीसगढ़ को अटल जी की कल्पना का छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएं ।

हालांकि अपने लंबे भाषण में अमित शाह ने कई बार बीजेपी की 15 साल की सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह का नाम लिया। इसके साथ ही चाउंर वाले बाबा का भी जिक्र किया। साथ ही बताया कि 15 साल में सरकार ने क्या काम किए हैं। उन्होंने अपने भाषण में छत्तीसगढ़ के नक्सलवाद का भी जिक्र किया ।उन्होंने बताया कि 2008-9 के मुकाबले वर्तमान में देश में नक्सल गतिविधियों में कमी आई है। साथ ही अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि 2024 के चुनाव के पहले देश को नक्सलवाद की चपेट से पूरी तरह से मुक्त कर लिया जाएगा। अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के साथ ही पिछड़े तबके के लोगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछड़े तबके के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। जबकि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया और उन्हें अधिकार दिलाने की कोशिश की।

अमित शाह यह भी बोले कि छत्तीसगढ़ की पहचान धान के कटोरे के रूप में रही है। यह हिस्सा खनिज संसाधनों का भी कटोरा है। खनिज संसाधनों से स्थानीय विकास हो इसके लिए भाजपा सरकार ने डीएमएफ फंड की स्थापना की। जिससे छत्तीसगढ़ को भी 9243 करोड़ रुपए मिले हैं। उन्होंने कहा कि – आज पूछने आया आया हूं कि छत्तीसगढ़ को विकास के लिए दिए गए फंड से आपके क्षेत्र में क्या काम हुआ है । इसका पैसा कहां गया …। उन्होंने इशारा किया कि विकास के नाम पर दिया गया पैसा कांग्रेस के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है।उनका कहना था कि सअकूठई मेँ घूमने वाले कांग्रेस के लोग अब ऑडी कार में चल रहे हैं।  वोट देते समय इसका हिसाब किताब करना है।

अमित शाह की आम सभा में कोरबा सहित आसपास जिले के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मंच पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव,नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।

Share This Article
close